IPL 2026: विराट ने किसे चुना T20 का ‘सर्वश्रेष्ठ ओपनर’? कोहली की पसंद ने सभी को चौंकाया…..देखें VIDEO

बेंगलुरु। आईपीएल 2026 (IPL 2026) का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और क्रिकेट के मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश होने में अब महज कुछ ही दिन शेष हैं। लेकिन टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के एक खुलासे ने क्रिकेट गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। कोहली ने टी20 क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ सलामी बल्लेबाज का चुनाव करते हुए एक ऐसे खिलाड़ी का नाम लिया है, जिसने सालों तक अपनी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के मन में खौफ पैदा किया था।

‘This or That’ चैलेंज: कोहली की पसंद ने चौंकाया

RCB ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक दिलचस्प वीडियो साझा किया है, जिसमें विराट कोहली ‘This or That’ गेम खेलते नजर आ रहे हैं। इस चैलेंज के दौरान कोहली के सामने दुनिया के महानतम ओपनर्स की जोड़ियां रखी गईं। कोहली ने एडम गिलक्रिस्ट को सुनील नरेन पर तरजीह दी, लेकिन जब मुकाबला गिलक्रिस्ट और ट्रेविस हेड के बीच हुआ, तो उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई विस्फोटक बल्लेबाज हेड को चुना। हालांकि, जब बात भारतीय दिग्गजों की आई, तो कोहली ने वीरेंद्र सहवाग को ट्रेविस हेड, क्विंटन डी कॉक और यहां तक कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से भी ऊपर रखा।

रोहित शर्मा vs क्रिस गेल: ‘यूनिवर्स बॉस’ को बताया नंबर-1

वीडियो का सबसे चर्चित हिस्सा वह रहा जब कोहली के सामने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल में से किसी एक को चुनने की चुनौती आई। विराट ने थोड़ा समय लिया और फिर ‘यूनिवर्स बॉस’ यानी क्रिस गेल का नाम लिया। कोहली का मानना है कि टी20 फॉर्मेट में सलामी बल्लेबाज के तौर पर गेल जैसा प्रभाव कोई और पैदा नहीं कर सका। गौरतलब है कि रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में शुमार हैं, लेकिन गेल के नाम आईपीएल की ऐतिहासिक 175 रनों की पारी और टी20 क्रिकेट में 14,000 से ज्यादा रनों का विशाल रिकॉर्ड दर्ज है।

डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान पर उतरेगी RCB

विराट कोहली आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह तैयार हैं और बेंगलुरु में टीम के प्रैक्टिस सेशन में पसीना बहा रहे हैं। याद दिला दें कि पिछले साल यानी 2025 में आरसीबी ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीतकर सालों का सूखा खत्म किया था। इस बार टीम डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान पर उतरेगी। बेंगलुरु अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ करेगी। कोहली के इस बयान के बाद अब सोशल मीडिया पर रोहित और गेल के फैंस के बीच आंकड़ों की जंग छिड़ गई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha