प्रतापगढ़ में हड़कंप : घर के भीतर मां-बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, रक्तरंजित शव देख कांप उठे ग्रामीण

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अंतू थाना क्षेत्र के पारा हमीदपुर गांव में सोमवार सुबह एक घर के भीतर मां और उसके 12 वर्षीय मासूम बेटे के खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से वार कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

खिड़की से झांका तो उड़ गए होश: शटरिंग मिस्त्री ने दी सूचना

दिल दहला देने वाली इस वारदात का खुलासा सोमवार सुबह उस वक्त हुआ जब गांव का एक शटरिंग मिस्त्री काम के सिलसिले में शिवपत्ती मौर्या (40) के घर के पास से गुजर रहा था। घर का दरवाजा बंद था, लेकिन जब उसकी नजर खिड़की के खुले हिस्से से कमरे के अंदर पड़ी, तो वहां का नजारा देख उसकी चीख निकल गई। कमरे के फर्श पर शिवपत्ती और उनके 12 साल के बेटे अयान के रक्तरंजित शव पड़े थे। मिस्त्री के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तत्काल अंतू थाना पुलिस को सूचित किया गया।

पति रहता है बाहर, सूने घर में शिकार बने मां-बेटे

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका शिवपत्ती का पति दिनेश रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से बाहर रहकर काम करता है। घर में मां और बेटा अकेले ही रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि रविवार की देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे मां-बेटे पर किसी धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कमरे की हालत देख अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारों ने बड़ी बेरहमी से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव, जांच में जुटी कई टीमें

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही अंतू थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया है ताकि सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस रंजिश और लूटपाट समेत सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

5 + 4 =
Powered by MathCaptcha