लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक रूहं कपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 36 वर्षीय महिला ने अपने 21 साल के प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही 69 वर्षीय सास निर्मला देवी की रस्सी से हाथ-पैर बांधकर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि सास बहू के अवैध संबंधों का विरोध करती थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटों में आरोपी बहू रंजना और उसके प्रेमी राजन शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
साजिश: CCTV बंद कर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी बहू रंजना का अफेयर पिछले 4 साल से उनके घर में ही किराए पर रहने वाले ओला टैक्सी ड्राइवर राजन शर्मा से चल रहा था। शनिवार दोपहर जब घर के पुरुष सदस्य काम पर गए थे, तब दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से घर के अंदर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। इसके बाद बुजुर्ग निर्मला देवी को बेबस कर उनके हाथ-पैर बांधे और गला घोंटकर उनकी जान ले ली। वारदात के बाद दोनों घर से बाहर चले गए और मोबाइल से सीसीटीवी फिर ऑन कर दिया ताकि किसी को शक न हो।
पोते ने देखी दादी की लाश, मां करने लगी रोने का नाटक
शाम करीब 4 बजे जब मृतका का 18 वर्षीय पोता आदित्य डिलीवरी देकर घर लौटा, तो दादी की बंधी हुई लाश देखकर उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया और अपनी मां रंजना को फोन किया। पकड़े जाने के डर से रंजना और उसका प्रेमी राजन तुरंत घर पहुंचे। घर पहुंचते ही रंजना दहाड़ें मारकर रोने का नाटक करने लगी और इसे लूट के इरादे से की गई हत्या बताने की कोशिश की।
स्निफर डॉग और 2 घंटे के ‘ब्लैकआउट’ ने खोला राज
महानगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम जब मौके पर पहुंची, तो स्निफर डॉग सीधे सूंघते हुए प्रेमी राजन के पास जाकर रुक गया। राजन घबराहट में पीछे हटने लगा, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। जब पुलिस ने घर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो दोपहर 2 से 4 बजे के बीच कैमरे बंद मिले। हालांकि, घर के बाहर लगे अन्य कैमरों में बहू और प्रेमी साथ जाते दिखे। सख्ती से पूछताछ करने पर राजन ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया।
किराएदार ही निकला कातिल प्रेमी
एसएचओ महानगर अखिलेश मिश्रा के मुताबिक, मुख्य आरोपी राजन शर्मा मृतका के घर की पहली मंजिल पर ही किराएदार था। मृतका की पोती अंशिका ने भी बयान दिया कि उसकी मां और राजन के बीच नजदीकियों को लेकर अक्सर घर में झगड़ा होता था और दादी हमेशा मां को टोकती थीं। इसी विरोध को खत्म करने के लिए दोनों ने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।










