झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत अपराधियों पर पुलिस का काल बनकर टूटना जारी है। एक दिल दहला देने वाले डबल मर्डर केस के मुख्य आरोपी चतुर्भुज पटेल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सिजारी नहर के पास हुई इस जबरदस्त फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि जवाबी हमले में थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगने से उनकी जान बाल-बाल बची।
सड़क किनारे लाश और भूसे में मासूम की हड्डियां: रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात
इस सनसनीखेज हत्याकांड की शुरुआत 5 अप्रैल को हुई, जब लहचूरा थाना क्षेत्र के बरौटा गांव में सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस अभी इसकी गुत्थी सुलझा ही रही थी कि दो दिन बाद उसी गांव के पास जले हुए भूसे के ढेर से एक 3 साल के मासूम की हड्डियां मिलने से इलाका कांप उठा। जांच में मृतका की पहचान गुजरात निवासी नीलू देवी और बच्चे की पहचान उसके बेटे कृष्णा के रूप में हुई।

प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: पति के पास जाने की जिद पर दी मौत
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी चतुर्भुज पटेल महिला को बहला-फुसलाकर झांसी लाया था। दोनों पिछले 6 महीनों से लिव-इन में रह रहे थे। विवाद तब शुरू हुआ जब नीलू देवी ने अपने पति के पास वापस जाने की जिद पकड़ ली। इससे गुस्साए चतुर्भुज ने 2 अप्रैल को हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने कुल्हाड़ी से वार कर नीलू की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर बेकसूर मासूम कृष्णा को भी मौत के घाट उतार दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए उसने महिला की लाश सड़क किनारे फेंकी और बच्चे के शव को भूसे में डालकर आग लगा दी।
पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर
स्वाट टीम और लहचूरा पुलिस को जब आरोपी के भागने की सटीक सूचना मिली, तो सिजारी नहर के पास घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी ने पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। एक गोली थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी चतुर्भुज के पैर में जा लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल में भर्ती और आगे की जांच
घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर की बाइक, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, लेकिन पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या इस जघन्य अपराध और लाशों को ठिकाने लगाने में कोई और भी उसके साथ शामिल था।











