गाजीपुर: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने माफिया मुख्तार अंसारी के संगठित आपराधिक साम्राज्य (IS-191 गैंग) के बचे-खुचे अवशेषों को मिटाने के लिए ‘ऑपरेशन वज्र’ छेड़ दिया है। मंगलवार की देर रात गाजीपुर पुलिस ने एक साथ मुख्तार गैंग के 61 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। पुलिस का सबसे बड़ा निशाना मुख्तार की पत्नी और 50 हजार की इनामी आफ्शां अंसारी है, जो लंबे समय से फरार चल रही है।
मुख्तार के पैतृक आवास ‘फाटक’ की घेराबंदी, सिबगतुल्लाह से पूछताछ
अभियान की सबसे सनसनीखेज कार्रवाई मुहम्मदाबाद स्थित अंसारी परिवार के पुश्तैनी घर ‘फाटक’ पर देखने को मिली। भारी पुलिस बल ने अचानक घर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस टीम सांसद अफजाल अंसारी के आवास पर भी पहुंची और मुख्तार के बड़े भाई व पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी से घंटों पूछताछ की। पुलिस का मुख्य सवाल आफ्शां अंसारी के ठिकाने को लेकर था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फरार आफ्शां को आखिर संरक्षण कौन दे रहा है।
12 टीमें, 5 थाने और 24 संदिग्ध हिरासत में
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में इस मेगा ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, करंडा, जंगीपुर और सदर कोतवाली की 12 विशेष टीमों को मैदान में उतारा गया। एसपी ने बताया कि इन 61 ठिकानों से 24 संदिग्धों को हिरासत में लेकर गुप्त स्थानों पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंग के सदस्य जिले की शांति व्यवस्था बिगाड़ने और नई साजिश रचने की फिराक में हैं।
90 हथियारों का होगा भौतिक सत्यापन, निरस्त होंगे लाइसेंस
ऑपरेशन वज्र के तहत पुलिस केवल छापेमारी ही नहीं कर रही, बल्कि गैंग की ताकत यानी उनके असलहों पर भी प्रहार कर रही है। जांच में सामने आया है कि गैंग से जुड़े सदस्यों के पास कुल 90 लाइसेंसी हथियार हैं। इनमें से कई के लाइसेंस पहले ही रद्द किए जा चुके हैं। अब पुलिस यह जांच रही है कि रद्द होने के बाद ये हथियार मालखाने में जमा हुए या नहीं। पुलिस अब हर सदस्य का नया ‘डोजियर’ तैयार कर उनकी चल-अचल संपत्ति का कच्चा चिट्ठा खंगाल रही है।
आर्थिक रीढ़ तोड़ने की तैयारी, सर्विलांस पर बाकी सदस्य
इस बड़ी कार्रवाई का उद्देश्य मुख्तार गैंग की आर्थिक कमर तोड़ना और फरार अपराधियों पर दबाव बनाना है। जो सदस्य छापेमारी के दौरान अपने घरों पर नहीं मिले, उनकी लोकेशन ट्रैक करने के लिए सर्विलांस सेल को सक्रिय कर दिया गया है। एसपी डॉ. ईरज राजा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि माफिया नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा और यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक गैंग का पूरा नेटवर्क ध्वस्त नहीं हो जाता।













