कानपुर: रूह कंपा देने वाली यह घटना उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चकेरी से सामने आई है, जहाँ शादी के पवित्र बंधन को दहेज की वेदी पर चढ़ा दिया गया। एक रिटायर्ड आर्मी सूबेदार मेजर की डॉक्टर बेटी, रुबिया खान को उसके ससुराल वालों ने न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, बल्कि साजिश के तहत उसकी कोख में पल रहे दो मासूमों की जान भी ले ली। रसूख और लालच में अंधे हो चुके ससुराल वालों की क्रूरता का आलम यह था कि पीड़िता को तड़पने के लिए छोड़ दिया गया। अब पुलिस कमिश्नर के दखल के बाद इस मामले में 13 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।
मैट्रिमोनी साइट से तय हुआ था रिश्ता, विदाई के बाद ही शुरू हुआ तांडव
रुबिया खान का निकाह सम्भल निवासी मोहम्मद ताजदार आलम के साथ 23 मार्च 2022 को हुआ था। यह रिश्ता मशहूर मैट्रिमोनी साइट ‘जीवनसाथी डॉट कॉम’ के जरिए तय हुआ था। बेटी की खुशियों के लिए पिता ने अपनी पुश्तैनी जेवर बेचे और कर्ज लेकर करीब 50 लाख रुपये शादी में खर्च किए। उपहार में डिजायर कार, 15 लाख कैश और भारी मात्रा में सोना-चांदी दिया गया। लेकिन विदाई के तुरंत बाद ससुराल वालों ने अपना असली रंग दिखा दिया। रुबिया का सारा ‘स्त्रीधन’ छीन लिया गया और 10 लाख रुपये अतिरिक्त कैश की मांग की जाने लगी।
सुहागरात पर ही पति ने खोल दिया था राज, कोख में दी गई खौफनाक सजा
हैरानी की बात यह है कि पति ताजदार आलम ने सुहागरात पर ही रुबिया से कह दिया था कि वह दीपा सराय की अलीशा से प्यार करता है और यह शादी सिर्फ दहेज के लिए की गई है। जब रुबिया गर्भवती हुई, तो ससुराल वालों ने उसे बासी खाने में नशीली और हानिकारक चीजें मिलाकर देना शुरू कर दिया। जनवरी 2023 में रुबिया का पहला बच्चा पेट में ही मर गया। यही अमानवीय कृत्य सितंबर 2024 में दोबारा दोहराया गया। तड़पती रुबिया को तीन दिन तक इलाज नहीं दिया गया, जिससे उसके शरीर में जहर फैल गया और दूसरे बच्चे की भी मौत हो गई।
ननदोई की अश्लीलता और पति का खौफनाक साथ
रुबिया की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। उसके ननदोई मोहम्मद शोएब ने उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब रुबिया ने विरोध किया, तो पति और ससुराल वालों ने उसे ही चुप रहने की धमकी दी। हद तो तब हो गई जब शोएब ने रुबिया के कमरे में घुसकर जबरदस्ती की कोशिश की और मदद करने के बजाय ससुराल वालों ने रुबिया के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि पति ने चाकू दिखाकर उसे खामोश रहने पर मजबूर किया।
मायके में दिया बेटी को जन्म, स्नैपचैट से खुला पति की दूसरी शादी का राज
अप्रैल 2025 में जब रुबिया तीसरी बार गर्भवती हुई, तो अपनी जान बचाने के लिए वह कानपुर आ गई। यहाँ उसने 1 जनवरी 2026 को अपनी बेटी आयशा को जन्म दिया। कुछ समय बाद रुबिया को स्नैपचैट के जरिए पता चला कि उसके पति ने अपनी प्रेमिका अलीशा से निकाह कर लिया है। विरोध करने पर पति ने बेशर्मी से कहा, “तुम बच्चा पैदा नहीं कर सकती, इसलिए मैंने दूसरी शादी की।” रुबिया के पास अपनी मासूम बेटी आयशा के रूप में पति के झूठ का सबूत था, लेकिन आरोपी पति अब धार्मिक मान्यताओं का हवाला देकर अपनी करतूतों को जायज ठहरा रहा है।
सियासी रसूख और अब 13 धाराओं में कानूनी शिकंजा
आरोपी परिवार का सम्भल में काफी राजनीतिक रसूख है, जिसकी वजह से स्थानीय पुलिस पहले टालमटोल कर रही थी। आरोपी सास पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुकी है। हालांकि, मामला पुलिस कमिश्नर तक पहुंचने के बाद अब पति ताजदार आलम, ससुर रागिब हुसैन, सास मेहरुल निशा और दूसरी पत्नी अलीशा समेत अन्य के खिलाफ 13 धाराओं में FIR दर्ज की गई है। चकेरी इंस्पेक्टर अजय मिश्रा का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।













