झांसी में सट्टेबाजों का नया ‘बिजनिस मॉडल’ फेल: रॉयल सिटी के छोटे फ्लैट में चल रहा था करोड़ों का खेल, 2 युवतियां गिरफ्तार

झांसी। उत्तर प्रदेश का प्रमुख केंद्र बन चुके झांसी महानगर में सट्टेबाजों ने पुलिस को चकमा देने के लिए अपना ‘बिजनिस मॉडल’ पूरी तरह बदल लिया है। अब आलीशान हवेलियों की जगह छोटे घरों और झोपड़ियों से सट्टे का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबीजीटीएस मूर्ति की मुस्तैदी ने इस नए खेल का पर्दाफाश कर दिया है।

बीती रात पुलिस ने रॉयल सिटी स्थित एक छोटे से मकान पर छापेमारी कर ऑनलाइन सट्टे के बड़े कारोबार को पकड़ा है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से डेढ़ करोड़ का सोना, 11 लाख की चांदी और 20 लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं।

नवयुवतियों के जरिए बिछाया जा रहा था सट्टे का जाल

पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सट्टेबाजों ने अब अपने नेटवर्क में नवयुवतियों को शामिल करना शुरू कर दिया है। ये युवतियां महानगर के भोले-भाले युवाओं को ऑनलाइन सट्टे के दलदल में धकेलती थीं। एसएसपी ने बताया कि सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की रॉयल सिटी कॉलोनी में एक फ्लैट के अंदर यह अवैध धंधा चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से निशा खान और यशस्वी द्विवेदी नामक दो महिलाओं को दबोच लिया।

खाकी पर दाग: सिपाही रजत बर्खास्त, छापेमारी से पहले हुआ फरार

इस काले कारोबार में पुलिस की मिलीभगत भी सामने आई है। गिरफ्तार महिला निशा खान ने खुलासा किया कि यह फ्लैट सुमित साहू और आशीष उपाध्याय ने किराए पर लिया था, जिसमें सिपाही रजत भी शामिल था। यशस्वी द्विवेदी इसी सिपाही की दोस्त बताई जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि छापे की सूचना मिलते ही सिपाही रजत मौके से फरार हो गया। एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दागी सिपाही रजत को बर्खास्त कर दिया है। निशा ने यह भी बताया कि कई थानों के सिपाही यहां ‘सुविधा शुल्क’ लेने आते थे।

बरामदगी देख फटी रह गई पुलिस की आंखें

पुलिस ने जब फ्लैट की तलाशी ली, तो वहां एक ट्रॉली बैग में नोटों की गड्डियां और सोने-चांदी के बिस्कुट भरे मिले। बरामद सामग्री की सूची इस प्रकार है:

  • सोना: करीब 1.46 करोड़ रुपये मूल्य का।

  • चांदी: 11 लाख रुपये की।

  • कैश: 19 से 20 लाख रुपये नकद।

  • इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स: 12 मोबाइल फोन और लैपटॉप।

  • दस्तावेज: सट्टे की आईडी, वेबसाइट डिटेल्स और लेनदेन का रजिस्टर।

पाश कॉलोनी के छोटे फ्लैट को बनाया ‘सेफ हाउस’

सट्टेबाजों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शहर की पॉश कॉलोनी ‘रॉयल सिटी’ के एक छोटे से फ्लैट को चुना था। उनका मानना था कि छोटे घर पर किसी को शक नहीं होगा। रजिस्टर में कई प्रभावशाली लोगों के नाम भी मिले हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस सफल कार्रवाई में एसपी सिटी प्रीति सिंह, एएसपी अरीबा नोमान और सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे की टीम शामिल रही।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment