मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से प्रेम और मान-मनौव्वल की एक अनोखी कहानी सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही गर्भवती प्रेमिका से मंदिर में दोबारा शादी रचाई। कभी प्यार, फिर अनबन और अब पुलिस की मौजूदगी में हुई इस शादी की चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर है।
हादसे के बाद आई थी रिश्तों में दरार
पूरा मामला सोनभद्र और मिर्जापुर जनपद से जुड़ा है। सोनभद्र की रहने वाली एक युवती का राजगढ़ (मिर्जापुर) के रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि उन्होंने परिजनों को बिना बताए गुपचुप तरीके से शादी कर ली और युवक के घर रहने लगे। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन तभी एक सड़क हादसे ने रिश्ते की नींव हिला दी। हादसे में युवक का पैर टूट गया, जिसके बाद प्रेमिका उसे उसी हाल में छोड़कर अपने मायके चली गई। युवक इस बात से इतना आहत हुआ कि उसने प्रेमिका को वापस लाने की कोशिश नहीं की।
प्रेग्नेंसी और पुलिस स्टेशन का चक्कर
मायके जाने के बाद युवती को अपनी प्रेग्नेंसी का पता चला। जब युवक उसे लेने नहीं आया, तो युवती अपने परिवार के साथ थाने जा पहुंची और युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और दोनों पक्षों को राजगढ़ थाने बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में घंटों तक चली पंचायत के बाद युवक के परिजन युवती को साथ रखने के लिए तैयार हो गए।
दुबारा शादी की जिद और मंदिर में लिए वचन
जब घर ले जाने की बात आई, तो युवती एक नई जिद पर अड़ गई। उसने साफ कह दिया कि वह बिना दोबारा शादी किए युवक के साथ नहीं जाएगी। आखिरकार, युवती की जिद और पुलिस की समझाइश के बाद प्रेमी और उसके परिजन राजी हुए। पास के ही एक मंदिर में दोनों की दोबारा हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई गई। युवक अपनी गर्भवती प्रेमिका को विदा कराकर वापस अपने घर ले गया।
थाना प्रभारी का बयान
राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि युवती की शिकायत पर दोनों पक्षों को थाने बुलवाया गया था। आपसी बातचीत और पुलिस के समझाने के बाद दोनों पक्ष साथ रहने के लिए राजी हो गए। इसके बाद युवक और युवती खुशी-खुशी अपने घर चले गए।












