Unique Love Story: 60 साल के ‘जवां दिल’ बुजुर्ग को हुआ अपनी प्रेमिका से इश्क, पंचायत ने मंदिर में करा दिए सात फेरे….गवाह बना पूरा गांव

कटिहार। कहते हैं कि इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छिपते, और जब प्यार परवान चढ़ता है तो फिर उम्र की दीवारें भी बौनी नजर आने लगती हैं। कुछ ऐसा ही अनोखा नजारा बिहार के कटिहार जिले में देखने को मिला है, जहां 60 साल के एक बुजुर्ग ने समाज और उम्र की बंदिशों को तोड़ते हुए अपनी जवान प्रेमिका के साथ सात फेरे लिए। मनिहारी प्रखंड की बाघमारा पंचायत में हुई यह अनोखी शादी अब पूरे सूबे में चर्चा का केंद्र बनी हुई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।

2 साल से चल रहा था ‘लुका-छिपी’ का इश्क

मामला कटिहार के मनिहारी इलाके का है, जहां सुग्रीम पासवान (60 वर्ष) और फुल्की देवी के बीच पिछले करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुरुआती जान-पहचान धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई। हालांकि, उम्र के फासले के कारण यह प्रेम कहानी गांव वालों की आंखों में खटकने लगी थी। दबी जुबान में शुरू हुई चर्चा जब पूरे गांव में शोर बन गई, तो मामला समाज की दहलीज यानी पंचायत तक जा पहुंचा।

जब प्रेमी जोड़े की जिद के आगे झुक गई पंचायत

गांव में बढ़ते विवाद को देख पंचायत बुलाई गई, जहां पंचों ने सुग्रीम और फुल्की को समाज का वास्ता देकर अलग होने की सलाह दी। लेकिन प्यार का बुखार ऐसा था कि दोनों ने ही पीछे हटने से इनकार कर दिया। महिला फुल्की देवी ने भरी पंचायत में दो टूक लफ्जों में कहा, “मैं सुग्रीम से प्यार करती हूं और अपनी मर्जी से उनके साथ जीवन बिताना चाहती हूं, मुझ पर कोई दबाव नहीं है।” सुग्रीम ने भी निडर होकर सबके सामने अपने प्यार का इजहार कर दिया। उनकी जिद और अटूट विश्वास को देख आखिरकार पंचायत को भी अपने कदम पीछे खींचने पड़े और शादी की अनुमति दे दी गई।

मंदिर में गूंजी शहनाई, गवाह बना पूरा गांव

विवाद को शांत करने और रिश्ते को सामाजिक मान्यता देने के लिए गांव के ही एक मंदिर में विवाह का आयोजन किया गया। बुजुर्ग दूल्हे सुग्रीम ने जैसे ही पूरे विधि-विधान के साथ फुल्की देवी की मांग में सिंदूर भरा, पूरा मंदिर परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। जिस रिश्ते पर कल तक ग्रामीण उंगलियां उठा रहे थे, शादी के बाद वही लोग नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते नजर आए। सोशल मीडिया पर भी इस अनोखे मिलन को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, जहां कुछ लोग इसे ‘सच्चा प्यार’ बता रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment