Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा में दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी, करोड़ रुपये की शादी के बाद भी प्रताड़ना; छत से कूदकर दी जान

Greater Noida Dowry Death Case: देश में दहेज प्रथा को खत्म करने के तमाम दावों और सख्त कानूनों के बावजूद, इस कुप्रथा का दंश आज भी बेटियों की जान ले रहा है। दहेज प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिताओं द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का एक बेहद हृदयविदारक मामला ग्रेटर नोएडा से सामने आया है। यहां के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव में एक नवविवाहिता ने कथित तौर पर ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

शादी में खर्च किए थे 1 करोड़, फिर भी अतिरिक्त दहेज के लिए मारपीट

जानकारी के मुताबिक, बादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़ी खेड़ा के रहने वाले संजय की पुत्री दीपिका की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा निवासी मनोज के बेटे ऋतिक के साथ हुई थी। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने दीपिका की शादी में अपनी हैसियत से बढ़कर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे।

इतना सब कुछ देने के बावजूद ससुराल पक्ष का लालच कम नहीं हुआ। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ऋतिक और उसके परिवार वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दीपिका को लगातार प्रताड़ित करने लगे थे। परिजनों ने बताया कि दीपिका के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी और उसे गंभीर मानसिक यातनाएं दी जा रही थीं। इसी रोज-रोज की प्रताड़ना और प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार शनिवार रात दीपिका ने मकान की छत से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मृतका के शरीर पर चोट के निशान, पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा

घटना की भयावह सूचना मिलते ही थाना ईकोटेक-3 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दीपिका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, हत्या और अन्य सुसंगत धाराओं में गंभीर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संवेदनशील मामले पर जानकारी देते हुए डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए नामजद आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस बीच, मृतका का पोस्टमार्टम चल रहा है, जहां पुलिस और पीड़ित परिवार के लोग मौजूद हैं। परिजनों का आरोप है कि मृतका के शरीर पर चोट के कई निशान हैं, जो साफ तौर पर दर्शाते हैं कि मौत से पहले उसके साथ बर्बरता की गई थी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment