दिल्ली की DTC बस में शर्मनाक हरकत: भीड़ का फायदा उठा महिला से छेड़छाड़, वीडियो देख खौल उठा लोगों का खून

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली डीटीसी (DTC) बस से एक बार फिर महिला सुरक्षा दावों की पोल खोलने वाली बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सफर के दौरान चलती बस में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर एक मनचले युवक ने महिला के साथ सरेआम छेड़खानी की। आरोपी युवक महिला को लगातार गलत नीयत से छूता रहा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बेबस दिखी महिला, आरोपी की ढिठाई ने पार की हदें

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला डीटीसी बस में सफर कर रही है। तभी बस में मौजूद एक युवक भीड़ की आड़ लेकर महिला को गलत तरीके से छूने लगता है। इस दौरान पीड़ित महिला बेहद डरी और सहमी हुई नजर आ रही है, उसके चेहरे पर खौफ और बेबसी का भाव साफ तौर पर देखा जा सकता है। हिम्मत जुटाकर महिला ने कई बार आरोपी का हाथ झटक कर खुद से दूर करने की कोशिश की, लेकिन युवक की ढिठाई और हौसले इस कदर बुलंद थे कि वह अपनी घिनौनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार छेड़छाड़ करता रहा।

सीसीटीवी और दावों के बीच सुरक्षा की खुली पोल

बस में सफर कर रहे किसी यात्री ने इस पूरी वारदात को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को ‘@india.civiclens’ नामक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किया गया है। वीडियो के कैप्शन में दिल्ली सरकार की नीतियों पर भी तीखे सवाल उठाए गए हैं। कैप्शन में लिखा है कि यह एक बहुत बड़ी विफलता है कि देश की राजधानी में, जहां की मुख्यमंत्री खुद एक महिला हैं, वहां इस तरह खुलेआम उत्पीड़न हो रहा है। बड़े पैमाने पर प्रचारित सीसीटीवी कैमरों और मुफ्त टिकटों की व्यवस्था के बावजूद दिन-दहाड़े महिलाओं को लगातार ऐसे मनचलों और अपराधियों के खतरे का सामना करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा, सख्त कार्रवाई की उठी मांग

वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है और लोग आरोपी लफंगे के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि अगर मुफ्त पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कीमत किसी महिला की सुरक्षा, सम्मान और मानसिक सदमे के तौर पर चुकानी पड़े, तो ऐसी सुविधाएं पूरी तरह बेकार हैं। इस वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए ताकि एक मिसाल कायम हो सके कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट महिलाओं के खिलाफ अपराध करने की जगह नहीं है। वहीं एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘इस युवक पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘लड़की को डरने की जगह उसे वहीं थप्पड़ जड़ देना चाहिए था।’ वहीं एक अन्य महिला यूजर ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा, ‘यह बेहद दुखद है, लेकिन हमें रोजाना सफर के दौरान ऐसी हरकतों का सामना करना पड़ता है।’

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment