
भोपाल। राजधानी भोपाल के खजूरी बायपास स्थित रिलायंस पेट्रोल डिपो के बाहर खड़े इथेनॉल से भरे एक टैंकर में गुरुवार को अचानक आग लग गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टैंकर में ज्वलनशील इथेनॉल भरा होने के कारण आग फैलने पर बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, रिलायंस डिपो के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।












