
Ballia : मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर पंचायत की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। महज आधे घंटे की बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान बाजार की कई सड़कों पर गंदा पानी भर गया। दुकानदारों के साथ-साथ खरीदारी के लिए आए लोगों को जलभराव और नालियों के गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। पहली ही बारिश में शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आई, जिससे नगर पंचायत की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए।
हालांकि बारिश से मौसम में कुछ बदलाव जरूर आया, लेकिन यह खेतों की प्यास बुझाने के लिए नाकाफी साबित हुई। बारिश थमने के बाद भी उमस भरी गर्मी बनी रही। धान की नर्सरी बचाने के लिए किसान अब भी मोटर और ट्यूबवेल के सहारे सिंचाई करने को मजबूर हैं।
मलेरा, बनकरा, सोनाडीह समेत आसपास के कई गांवों में भी केवल हल्की बूंदाबांदी हुई। किसानों का कहना है कि इस बारिश से फसलों को कोई खास लाभ नहीं मिला। वे अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि खरीफ की खेती सुचारु रूप से शुरू हो सके।












