
अहमदाबाद। गुजरात के जूनागढ़ जिले में मजेवड़ी गांव के पास फोर-लेन हाईवे पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पर खराब होकर खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार अर्टिगा कार के टकरा जाने से कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।
पुलिस के अनुसार, बनासकांठा जिले का एक परिवार अर्टिगा कार से सोमनाथ अस्थि विसर्जन के लिए जा रहा था। मजेवड़ी गांव के समीप पहुंचने पर हाईवे पर एक ट्रक खराब होकर खड़ा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। हादसे में कार में मौजूद एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया, जिसे मामूली खरोंच भी नहीं आई।
हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तथा 108 एम्बुलेंस सेवा की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह हाईवे पर खड़े ट्रक से कार की टक्कर मानी जा रही है। घटना के बाद बनासकांठा सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।












