
- मटौंध थाने में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
Banda : जिले के सभी कोतवाली और थानों में आयोजित समाधान दिवस में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने जनता की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण की कार्रवाई की। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मटौंध थाना पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। जिलेभर में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान कुल 104 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से महज 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल की मौजूदगी में माह के दूसरे शनिवार को आयोजित संपूर्ण थाना समाधान दिवस के दौरान मटौंध थाने में जनता की शिकायतें सुनीं। इससे पहले पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हैं, उन मामलों में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ समस्या का समाधान कराएं। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अभियान चलाकर पैमाइश से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवाद के मामलों में मौके पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम भेजकर प्रकरणों का समाधान कराने को कहा। साथ ही समाधान दिवस में लंबित प्रकरणों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छोटे विवादों का समय रहते निस्तारण जरूरी है। इसलिए सभी अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उसका समाधान सुनिश्चित करें।
समाधान दिवस पर जिले में प्राप्त 104 शिकायतों में से मात्र 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए टीमों का गठन किया गया है। थाना समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नायब तहसीलदार ने सुनीं समस्याएं
चिल्ला थाने में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में नायब तहसीलदार कृतिका अवस्थी और थानाध्यक्ष आनंद साहू ने जनता की शिकायतें सुनीं। इस दौरान प्राप्त आठ शिकायतों में से चार का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस मौके पर उप निरीक्षक एवं कस्बा इंचार्ज संतोष कुमार, लेखपाल विशाल कुमार भदौरिया, आलोक बाबा तांत्रिक, राकेश निषाद, चिल्ला प्रधान प्रतिनिधि रामकिशुन निषाद, पत्रकार मदन गुप्ता, मोहम्मद अनस, मोहम्मद यासिर और अनुपम गुप्ता मौजूद रहे।









