
- व्यापारियों ने खुलासा होने तक हड़ताल जारी रखने का किया ऐलान
- माल बेचने मंडी पहुंचे किसानों को मायूस होकर बैरंग लौटना पड़ा
Banda : एक सप्ताह पहले गल्ला मंडी में एक गल्ला व्यापारी की दुकान में हुई चोरी का खुलासा न होने के विरोध में व्यापारियों ने बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। गल्ला व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। मंडी गेट पर गल्ला बेचने आए किसानों को अपना माल वापस ले जाना पड़ा। चोरी का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर व्यापारी पूरे दिन मंडी में धरने पर बैठे रहे।
लगभग एक सप्ताह पहले गल्ला व्यापारी रामबाबू गुप्ता की मंडी समिति स्थित दुकान में चोरों ने सीसीटीवी कैमरों पर मिट्टी पोतकर शटर तोड़ दिया और अंदर घुसकर 6.5 लाख रुपये तथा चांदी के सिक्के चोरी कर लिए थे। व्यापारी की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के एक सप्ताह बाद भी पुलिस चोरी का खुलासा करने में नाकाम रही है।
शनिवार को उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों ने पूर्व घोषित अल्टीमेटम के तहत मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी और धरने पर बैठ गए। व्यापारियों का कहना है कि जब तक चोरी का खुलासा नहीं होगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस की निष्क्रियता से नाराज व्यापारियों ने प्रशासन को पहले ही 11 जुलाई से हड़ताल शुरू करने का अल्टीमेटम दिया था। कार्रवाई न होने पर अब मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना शुरू कर दिया गया है। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द चोरी का खुलासा नहीं हुआ, तो आसपास की मंडियों को भी बंद कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन सहित बड़े आंदोलन की भी तैयारी की जाएगी।
उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश सर्राफ एवं नगर अध्यक्ष संतोष गुप्त ने गल्ला व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर एकजुटता दिखाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों से कहा कि यह साझा लड़ाई है और एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अपील की कि चोरी का खुलासा होने तक अपना माल घरों में सुरक्षित रखें। घटना का खुलासा होने के बाद ही मंडी खोली जाएगी।
इस मौके पर गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णु गुप्ता, गोपालचंद्र अवस्थी, युवा जिलाध्यक्ष प्रेम गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, अशोक गुप्ता (राजू), अमित गुप्ता, ओमनारायण गुप्ता, मुजीब खां, बाला प्रसाद गुप्ता, राजू गुप्ता, उबैद खां, राजेंद्र साहू, विजय गुप्ता, सतेंद्र तिवारी, जुगुल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में गल्ला व्यापारी उपस्थित रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट व मंडी सचिव के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए व्यापारी
बेमियादी हड़ताल और धरने के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट संदीप केला तथा मंडी सचिव ने व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने जल्द चोरी का खुलासा कराने के साथ ही मंडी की अन्य समस्याओं, जैसे जलभराव तथा शासनादेश के अनुसार शुल्क जमा कराने संबंधी मुद्दों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, व्यापारी केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना है कि जब तक चोरी का खुलासा नहीं होगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।









