बेंगलुरु में डिलीवरी बॉय ने पार्सल देने के बहाने पार की हैवानियत की हद, जबरन घर में घुसकर की घिनौनी हरकत

बेंगलुरु। आईटी सिटी बेंगलुरु से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने ऑनलाइन होम-डिलीवरी के इस दौर में महिलाओं की सुरक्षा और उनकी प्राइवेसी पर एक बहुत बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। यहां एक नामी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के डिलीवरी एजेंट ने न सिर्फ एक महिला की प्राइवेसी की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि उसके साफ मना करने के बावजूद जबरन घर में घुसकर एक बेहद घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। हालांकि, पीड़ित महिला की सूझबूझ और सोशल मीडिया पर उठाए गए कदम के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

दरअसल, यह खौफनाक घटना उस वक्त हुई जब आरोपी डिलीवरी बॉय, जिसकी पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामथ के रूप में हुई है, एक पार्सल डिलीवर करने महिला के फ्लैट पर पहुंचा था। उस वक्त महिला घर पर पूरी तरह अकेली थी। सामान सौंपने के बाद डिलीवरी बॉय ने अचानक महिला से कहा कि उसे बहुत तेज इमरजेंसी है और उसे वॉशरूम इस्तेमाल करना है।

महिला की ‘ना’ के बावजूद जबरन फ्लैट में घुसा दरिंदा

महिला ने सुरक्षा के लिहाज से खतरे को भांपते हुए उसे बेहद शालीनता से मना कर दिया। उसने कहा, “मैं किसी भी अनजान शख्स को अपने घर के अंदर आने की इजाजत नहीं दे सकती। अगर बहुत ज्यादा इमरजेंसी है, तो आप पास में ही मेरे पड़ोसी पुरुष मित्रों से मदद मांग सकते हैं।” लेकिन महिला की इस स्पष्ट ‘ना’ के बावजूद आरोपी डिलीवरी बॉय ने मर्यादा की सारी दीवारें लांघ दीं और धक्का देकर जबरन फ्लैट के अंदर दाखिल हो गया।

पीड़ित महिला ने बताया कि वह उस वक्त बुरी तरह डर गई थी, लेकिन ऐसे खौफनाक माहौल में भी उसने हिम्मत नहीं हारी। उसने तुरंत अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया और सूझबूझ दिखाते हुए फ्लैट का मुख्य दरवाजा पूरी तरह खुला रखा, ताकि कोई भी अनहोनी होने पर वह तुरंत मदद के लिए बाहर भाग सके।

वॉशरूम से बाहर आते ही पार की अश्लीलता की हदें

हद तो तब हो गई जब वह शख्स वॉशरूम से बाहर आया। महिला का आरोप है कि बाहर आते ही उस दरिंदे ने महिला के सामने अपने प्राइवेट पार्ट्स दिखाए और अश्लील हरकत की। इस घिनौनी और अप्रत्याशित हरकत से महिला पूरी तरह कांप उठी। बाद में महिला ने सोशल मीडिया पर रोते हुए एक वीडियो शेयर किया और अपना गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, “मैं उस वक्त पूरी तरह से शॉक में थी। मुझे अपने ही घर में बेहद असुरक्षित महसूस होने लगा। जब एक महिला ने ‘ना’ कह दिया था, तो बातचीत वहीं खत्म हो जानी चाहिए थी।”

पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी विजय मल्लिकार्जुन सलाखों के पीछे

सोशल मीडिया पर महिला का यह दर्दनाक वीडियो और पोस्ट वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेंगलुरु की व्हाइटफील्ड डिवीजन के मराठहल्ली पुलिस स्टेशन ने इस पर तत्काल और कड़ा एक्शन लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामथ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 (यौन उत्पीड़न), 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) और 329(2) (जबरन घर में घुसना) के तहत भारी धाराओं में केस दर्ज किया। डीसीपी व्हाइटफील्ड ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की कानूनी जांच कड़ाई से की जा रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment