
भास्कर ब्यूरो
Moradabad : थाना कटघर क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित रामगंगा पुल से नदी में छलांग लगाने वाले प्रेमी युगल मामले में सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और रेस्क्यू टीम को बड़ी सफलता मिली है। लगातार चलाए जा रहे अभियान के बीच टीमों ने युवक तुषार का शव रामगंगा नदी से बरामद कर लिया है। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, युवती की तलाश अभी भी जारी है।
जानकारी के मुताबिक, कटघर थाना क्षेत्र के सूर्य नगर निवासी युवक तुषार रविवार को अपनी बुलेट बाइक से एक महिला के साथ रामगंगा पुल पर पहुंचा था। दोनों ने बाइक को पुल के किनारे खड़ा किया और इसके बाद अचानक नदी में छलांग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के निर्देश पर पीएसी की फ्लड यूनिट, स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया था। शनिवार देर शाम तक स्टीमर और आधुनिक उपकरणों की मदद से रामगंगा नदी और उसके आसपास के इलाकों में युवक और युवती की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका था।
रविवार सुबह दिन निकलते ही एक बार फिर रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे पीएसी फ्लड यूनिट के जवान, गोताखोर और पुलिस टीम नदी में उतर गई और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। नदी में तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के बावजूद जवान लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रहे थे।

अभियान के दौरान टीमों को रामगंगा नदी से युवक तुषार का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दूसरी ओर युवती की तलाश के लिए अभी भी नदी में अभियान चलाया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव काफी तेज है। ऐसे हालात में रेस्क्यू टीमों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद पीएसी फ्लड यूनिट के प्रशिक्षित जवान और गोताखोर पूरी सतर्कता के साथ नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर तलाशी कर रहे हैं।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस और बचाव दल लगातार युवक और युवती की तलाश में जुटे हुए थे। उन्होंने कहा कि स्टीमर के माध्यम से नदी में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टीमों को युवक का शव मिल गया है, जबकि युवती की तलाश जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि नदी या उसके आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, जिससे तलाश अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती की तलाश के लिए अभियान जारी है।








