
Bijnor : केंद्र एवं प्रदेश सरकार के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत नजीबाबाद स्थित गौशाला परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बेलपत्र और नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ ही मानव जीवन, पशु-पक्षियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं। नीम और बेलपत्र जैसे औषधीय एवं धार्मिक महत्व वाले पौधे समाज के लिए विशेष उपयोगी हैं।
गौशाला परिसर में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य परिसर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाना तथा लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प दोहराया।
पौधारोपण कार्यक्रम में राजस्व अधिकारी विपिन चौहान, पवन कुशवाहा, शुभम ग्रोवर, विनय वर्मा, विनय राजपूत, अनुज कुमार शर्मा, राजन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









