दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल ने सरेराह पत्नी को मारी गोली, जन्मदिन की रात ही बन गई काल…. 50 लाख और SUV की थी डिमांड

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल ने अपनी ही पत्नी की बीच सड़क पर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. यह वारदात रविवार देर रात उस समय हुई जब दोनों स्कूटी से अस्पताल जा रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है, जिसमें आरोपित वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है.

जन्मदिन की रात ही बन गई काल, मेट्रो पिलर के पास मारी गोली

यह दिल दहला देने वाली घटना कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के ईस्ट विनोद नगर इलाके में मेट्रो पिलर संख्या 90 के पास की है. पुलिस के अनुसार, रविवार को पीड़ित प्रियंका (34 वर्ष) का जन्मदिन था. रविवार देर रात करीब 3:00 बजे अचानक प्रियंका की तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उसका पति मनीष भाटी उसे स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल ले जाने के लिए निकला. रास्ते में मेट्रो पिलर संख्या 90 के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई. आरोप है कि गुस्साए मनीष ने स्कूटी रोकी और अपनी पत्नी प्रियंका को गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया.

डिलीवरी ब्वॉय ने दिखाई इंसानियत, सीसीटीवी में कैद हुई लाइव वारदात

सड़क पर खून से लथपथ तड़प रही प्रियंका को वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी ब्वॉय ने देखा. उसने तुरंत आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और ऑटो की मदद से प्रियंका को लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रियंका को मृत घोषित कर दिया.

यह पूरी वारदात घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में आरोपी मनीष साफ तौर पर प्रियंका को गोली मारता हुआ दिखाई दे रहा है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाकर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

2022 में हुई थी शादी, पहले दिन से ही 50 लाख कैश और कार की मांग

मृतक प्रियंका ग्रेटर नोएडा के सादोबाद गांव के रहने वाले अजीत सिंह बैसोया की बेटी थी. प्रियंका की शादी साल 2022 में उससे दो साल छोटे मनीष भाटी से हुई थी, जो मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के सलेमपुर गांव का निवासी है और दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है.

प्रियंका के पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के अगले ही दिन से मनीष और उसके घरवाले 50 लाख रुपये कैश और एक बड़ी एसयूवी (SUV) कार की मांग को लेकर प्रियंका को बेरहमी से पीटते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.

खाकी वाले परिवार की बेटी बनी घरेलू हिंसा का शिकार, पंचायत ने कराया था समझौता

प्रियंका का पूरा परिवार पुलिस और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ा हुआ है. उसकी एक बहन दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) है, जबकि एक भाई यूपी पुलिस में कॉन्स्टेबल है और दूसरा भाई यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रहा है. दहेज प्रताड़ना से तंग आकर साल 2024 में प्रियंका के परिवार ने दिल्ली पुलिस की महिला अपराध शाखा (Crime Cell) में शिकायत भी दर्ज कराई थी.

इस विवाद के दौरान प्रियंका करीब आठ महीने तक अपने मायके में रही थी. बाद में दोनों पक्षों और समाज के गणमान्य लोगों की पंचायत ने दोनों परिवारों के बीच समझौता कराया, जिसके बाद वह दोबारा मनीष के साथ विनोद नगर में आकर रहने लगी थी, लेकिन उसे क्या पता था कि समझौते के बाद भी उसकी जान सुरक्षित नहीं थी.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment