मुंबई में एयरहोस्टेस से दुष्कर्म: किन्नर बनकर घर में घुसा आरोपी, बीमार पति को ठीक करने का झांसा देकर की दरिंदगी, इस तरह हुआ गिरफ्तार

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पवई इलाके में एक 25 वर्षीय एयरहोस्टेस के साथ यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने किन्नर का वेश धारण कर महिला के घर में प्रवेश किया और अस्पताल में भर्ती उसके पति पर से ‘बुरी नजर’ हटाने व ठीक करने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत मिलने के महज कुछ घंटों के भीतर आरोपी को कलवा स्थित एक झुग्गी बस्ती से गिरफ्तार कर लिया।

बीमार पति को ठीक करने और तांत्रिक उपाय का दिया झांसा

घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:20 से 12:50 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अनिल शिंदे के रूप में हुई है। आरोपी किन्नर के वेश में सोसायटी में दाखिल हुआ और सुरक्षा गार्ड को चकमा देकर तीसरी मंजिल तक पहुंच गया। उसने कई घरों के दरवाजे खटखटाए। जब पीड़िता ने दरवाजा खोला, तो उसने दावा किया कि वह उसके अस्पताल में भर्ती बीमार पति पर से कालसर्प या बुरी नजर का साया हटाकर उसे पूरी तरह ठीक कर सकता है।

पानी छिड़ककर दिया वारदात को अंजाम, जाते-जाते छीने पैसे

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, अंधविश्वास का झांसा देकर आरोपी घर के भीतर दाखिल हुआ। उसने महिला के सिर पर हाथ रखा और कोई तरल/पानी छिड़ककर उसके साथ दरिंदगी की। जब महिला ने शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी उसे धमकी देते हुए और पीड़िता से ₹200 जबरन लेकर मौके से फरार हो गया।

100 से अधिक CCTV कैमरों की जांच के बाद कलवा से पकड़ाया आरोपी

पीड़िता ने मंगलवार देर रात करीब 11 बजे पुलिस स्टेशन पहुंचकर आपबीती सुनाई और मामला दर्ज कराया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया। पवई से लेकर ठाणे के कलवा तक के रूट पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई। डिजिटल सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और पुलिस ने कलवा की एक झुग्गी बस्ती में दबिश देकर अनिल शिंदे को धर दबोचा।

अंधविश्वास विरोधी कानून और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज

मुंबई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की दुष्कर्म, घर में जबरन घुसने और आपराधिक धमकी देने संबंधी धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज की है। इसके अतिरिक्त, मामले में अंधविश्वास और काले जादू से जुड़े कड़े कानूनों (जादू-टोना विरोधी अधिनियम) को भी शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका परिवार अक्सर किन्नर का रूप धरकर भीख मांगने का काम करता है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उसने पहले भी इस तरह के अपराधों को अंजाम दिया है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha