
Chandauli : शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बंद कुएं में फंसे समरसेबल पंप को निकालने उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
समरसेबल निकालने कुएं में उतरे थे चार लोग
जानकारी के अनुसार, किड़हिरा गांव में एक कुएं के अंदर लगा समरसेबल पंप खराब हो गया था। शनिवार को उसे बाहर निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक-एक कर चार लोग कुएं के अंदर उतर गए।
बताया जा रहा है कि कुएं के अंदर पहुंचते ही चारों जहरीली गैस की चपेट में आ गए और बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। काफी देर तक जब कुएं के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो बाहर मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने चारों को बाहर निकाला
घटना की सूचना तत्काल शहाबगंज थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं समशेर की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जहरीली गैस से हादसे की आशंका
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया कुएं में लंबे समय से जमा जहरीली गैस के कारण यह हादसा होने की आशंका है। आशंका जताई जा रही है कि कुएं में गैस के रिसाव के चलते ऑक्सीजन की कमी हुई और चारों लोग बेहोश हो गए।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।











