
हैदराबाद। माधापुर के अंजैया नगर इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन सात मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इमारत गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अंजैया नगर में सात मंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत का एक हिस्सा ढह गया और कई लोग मलबे में दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ बचावकर्मी मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर लोगों की तलाश की जा रही है।
अब तक हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, कई घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। अधिकारियों की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि मलबे में और कितने लोग फंसे हो सकते हैं।
विधायक ने अवैध निर्माण का लगाया आरोप
कांग्रेस विधायक अरेकापुडी गांधी ने निर्माणाधीन इमारत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इमारत के निर्माण के लिए जरूरी मंजूरी नहीं ली गई थी और इसके निर्माण को लेकर पहले से ही जांच चल रही थी।
विधायक के अनुसार, माधापुर डिवीजन में अधिकारियों ने करीब चार महीने पहले सात मंजिला इमारत के कथित अवैध निर्माण को रुकवा दिया था। इसके बावजूद हाल ही में निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इमारत से सटी दूसरी बिल्डिंग तक बेसमेंट का निर्माण बढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान इमारत अचानक ढह गई।
अवैध निर्माण को लेकर उठे सवाल
अरेकापुडी गांधी ने कहा कि लोगों को अवैध निर्माण से होने वाले खतरों को समझना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सेरिलिंगमपल्ली क्षेत्र में कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कुछ इमारतों को जब्त भी किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है और अब दोबारा हादसा हुआ है।
फिलहाल पुलिस और बचाव दल मलबा हटाने में जुटे हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही निर्माण कार्य में नियमों और जरूरी मंजूरियों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।











