गुजरात : नखत्राणा में कबाड़ गोदाम में जोरदार ब्लास्ट, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत; दो गंभीर घायल

 

नखत्राणा, गुजरात। गुजरात के नखत्राणा में शनिवार दोपहर एक कबाड़ गोदाम में हुए भीषण ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। शहर के बाहरी इलाके में स्थित कबाड़ के गोदाम में खड़े छोटा हाथी वाहन की डीजल टंकी में अचानक जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट के बाद वाहन में आग लग गई और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, नखत्राणा के बाहरी इलाके में एक कबाड़ के गोदाम में शनिवार दोपहर छोटा हाथी वाहन खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसकी डीजल टंकी में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ब्लास्ट के तुरंत बाद वाहन में आग भड़क उठी और मौके पर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान कुंभार मामद इलियास (30), कुंभार नूरमामद इलियास (26), कुंभार हसनेन मामद (करीब 3 वर्ष) और नूर फातिमा नूरमामद (करीब 3 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

ब्लास्ट की वजह जानने में जुटी FSL टीम

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छोटा हाथी वाहन की डीजल टंकी में ब्लास्ट किस वजह से हुआ। वाहन में किसी तरह का केमिकल, गैस सिलेंडर या अन्य ज्वलनशील अथवा विस्फोटक पदार्थ मौजूद था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर ब्लास्ट की वजह का पता लगाने में जुटी है।

दो लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल घायलों की हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस, LCB और SOG ने शुरू की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा LCB और SOG की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन की टंकी में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और हादसे के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha