
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में 14 अगस्त को जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर प्रहार कर हत्या किए जाने की पुष्टि के बाद पुलिस की जांच तेज हुई थी। मृतका की पहचान खेड़ा मवी खुर्द की रहने वाली इमराना (पत्नी वाजिद) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए मृतका के पड़ोसी और प्रेमी शमशाद जोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
दवा कंपनी में काम के दौरान पनपे प्रेम संबंध
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मृतका इमराना छुटमलपुर स्थित एक दवा कंपनी में नौकरी करती थी। आरोपी शमशाद कई बार उसे बाइक से लाने-ले जाने का काम करता था। इसी दौरान पिछले 7-8 महीनों से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। हालांकि, पिछले कुछ समय से इमराना अपनी बेटी आफरीन की शादी के लिए शमशाद से पैसों की मांग कर रही थी। शमशाद लगातार पैसे देने से मना कर रहा था, जिसे लेकर दोनों में आए दिन तीखी बहस होती थी।
ब्लैकमेलिंग और दूसरे प्रेमी के शक में रची खौफनाक साजिश
पुलिस के अनुसार, शमशाद को यह भी शक था कि इमराना के संबंध गांव के ही एक अन्य व्यक्ति केसर उर्फ केशव से भी थे। वह इमराना पर उससे रिश्ते खत्म करने का दबाव बना रहा था। पैसों की लगातार मांग और दूसरे रिश्ते के शक से आहत होकर शमशाद ने इमराना को रास्ते से हटाने का मन बना लिया। 13 अगस्त की शाम उसने पूरी योजना के तहत अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया और अपनी बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसमें कुछ बदलाव किए, ताकि CCTV कैमरे में उसकी फुटेज न आ सके।
कपड़े उतारते ही लोहे की सरिया से सिर पर किए कई वार
शमशाद इमराना को प्रेम संबंध बनाने और पैसे देने का झांसा देकर नांगल अहीर गांव के सुनसान जंगल में ले गया। जंगल में पहुंचने के बाद आरोपी ने इमराना से कपड़े उतारने को कहा। जैसे ही इमराना कपड़े उतारने लगी, शमशाद ने अपनी बाइक में छिपाकर रखी लोहे की भारी सरिया निकाली और उसके सिर व चेहरे पर जानलेवा हमले कर दिए। गंभीर चोटों के कारण इमराना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी ने शव को नाले में फेंक दिया और खून से सना सरिया व इमराना का मोबाइल पास के तालाब में फेंककर फरार हो गया।
दूसरे प्रेमी को फंसाने और पुलिस को गुमराह करने का नाटक विफल
शातिर आरोपी ने हत्या को ऐसी जगह अंजाम दिया जो इमराना के कथित पहले प्रेमी केशव के घर के पास थी, ताकि पूरी वारदात का शक केशव पर चला जाए। इतना ही नहीं, घटना के बाद शमशाद इमराना के पति के साथ मिलकर उसे ढूंढने का नाटक भी करता रहा। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल और रास्तों के कई CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें शमशाद की संदिग्ध गतिविधियां उजागर हो गईं। कड़ाई से पूछताछ करने पर 22 अगस्त को हरौड़ा कट के पास से पकड़े गए शमशाद ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।











