कौशांबी में पटाखा बनाते समय मकान में भीषण विस्फोट: 2 किलोमीटर तक गूंजी धमाके की आवाज, पूरा घर जमींदोज; कई घायल

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। सोमवार की सुबह पिपरी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में एक मकान के भीतर पटाखा बनाते समय अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भयावह था कि पूरा मकान पल भर में जमींदोज हो गया और आसपास की इमारतों में दरारें आ गईं। इस भीषण दुर्घटना में कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका है, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खेतों के रास्ते आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।

2 किलोमीटर तक फैली दहशत, पूरे इलाके में मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस मकान में पटाखा बनाया जा रहा था, वह आबादी से कुछ दूरी पर स्थित था। सुबह-सुबह हुए इस धमाके की गूंज लगभग 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनते ही पूरा गांव दहल उठा और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। जो व्यक्ति जिस हालत में था, वही घटनास्थल की ओर मदद के लिए दौड़ पड़ा।

प्रयागराज और कौशांबी पुलिस ने संभाला मोर्चा, सीमावर्ती क्षेत्र में रेस्क्यू जारी

महमदपुर गांव कौशांबी और प्रयागराज की सीमा पर स्थित होने के कारण घटना की सूचना मिलते ही दोनों जिलों के प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई। प्रयागराज से भी भारी पुलिस बल तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया। एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता और पूरामुफ्ती थाने की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से आसपास के पूरे इलाके को खाली करा लिया गया है। पुलिस और प्रशासन की राहत एवं बचाव टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश और घायलों की मदद में जुटी हैं। फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों और हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha