लखनऊ में बड़ा हादसा: टॉयलेट करने गए 5 साल के मासूम की सरकारी ट्यूबवेल के गड्ढे में डूबकर मौत, लोहिया अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट-बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित डीह गांव (जुग्गौर) में शनिवार शाम एक बेहद दुखद हादसा सामने आया। पड़ोस में चल रही सत्यनारायण भगवान की कथा के दौरान टॉयलेट करने गया 5 वर्षीय मासूम हर्षित चौरसिया सरकारी ट्यूबवेल के बगल में बने गहरे गड्ढे में फिसलकर गिर गया। पानी से भरे गड्ढे में डूबने से बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हर्षित के पिता बृजेश चौरसिया मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं और इस समय दुबई में तैनात हैं। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

लोहिया अस्पताल ने देखने से किया मना, मातृ एवं शिशु अस्पताल में मृत घोषित

हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग अचेत अवस्था में हर्षित को तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए। परिजनों का आरोप है कि लोहिया अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्चे को देखने से साफ मना कर दिया और इलाज में ढिलाई बरती। इसके बाद बदहवास परिजन उसे शहीद पथ स्थित मातृ एवं शिशु रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की इस कथित संवेदनहीनता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है।

साथी नंदीश ने सुनाई आपबीती, बड़े भाई ने निकाला बाहर

प्रत्यक्षदर्शी और हर्षित के 5 वर्षीय दोस्त नंदीश तिवारी ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे वे दोनों कथा स्थल के पास टॉयलेट करने गए थे। इसी दौरान हर्षित का पैर फिसला और वह जलभराव वाले गहरे गड्ढे में जा गिरा। नंदीश ने उसे बचाने और बाहर खींचने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहने पर उसने तुरंत घर जाकर अपनी दादी को पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही हर्षित का बड़ा भाई उज्ज्वल मौके पर दौड़ा और उसे गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

प्रशासनिक लापरवाही और सीमा विवाद पर उठे सवाल

स्थानीय निवासियों के अनुसार, सरकारी ट्यूबवेल से पूरे गांव में जलापूर्ति होती है, लेकिन पानी के लगातार रिसाव के कारण ट्यूबवेल के ठीक बगल में करीब 5 फीट गहरा खतरनाक गड्ढा बन गया था। इसे ढकने या सुरक्षा घेरा बनाने की जहमत जल निगम या स्थानीय प्रशासन ने नहीं उठाई। उधर, हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए। घटना की सूचना के बाद चिनहट पुलिस परिजनों का नंबर ट्रेस करते हुए करीब 3 घंटे बाद शाम 7:15 बजे मौके पर पहुंची, तब पता चला कि घटनास्थल बीबीडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। जब तक पुलिस टीम पहुंची, तब तक बदहवास परिजन मासूम के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha