
उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक दुरुस्त और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने गुरुवार देर रात एक बड़ा कदम उठाया है। शासन स्तर पर किए गए इस बड़े फेरबदल में दो जिलाधिकारियों (DM) समेत पांच वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसके साथ ही प्रशासनिक तंत्र को गति देने के उद्देश्य से छह PCS अधिकारियों को भी नई तैनाती देकर विभिन्न जिलों और विभागों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अचानक हुए इस फेरबदल के बाद से ही प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

जालौन और बहराइच में नए जिलाधिकारियों की तैनाती
फेरबदल के तहत जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को स्थानांतरित करते हुए बहराइच का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, शासन स्तर पर विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स की भूमिका निभा रहे समीर को अब जालौन जिले कमान सौंपते हुए नया डीएम बनाया गया है। इसके अलावा झांसी की नगर आयुक्त आकांक्षा राना का तबादला कर उन्हें विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स पद की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
झांसी नगर निगम और बाराबंकी को मिले नए अफसर
बाराबंकी जिले में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के रूप में कार्यरत बी. सूदन को अब झांसी का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में सचिव पद की जिम्मेदारी संभाल रहे पंकज वर्मा को बाराबंकी का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इस फेरबदल से दोनों जिलों के विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजधानी में बदला समीकरण, 6 PCS अधिकारियों के भी तबादले
IAS अफसरों के साथ-साथ शासन ने छह वरिष्ठ PCS अधिकारियों को भी नई भूमिकाओं में भेजा है। सुशील प्रताप सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया सचिव नियुक्त किया गया है, जो इससे पहले भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में कुलसचिव और संस्कृति निदेशालय में अपर निदेशक का पद संभाल रहे थे। LDA में संयुक्त सचिव रहे अतुल कुमार को अब सुशील प्रताप सिंह की जगह भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का कुलसचिव और संस्कृति निदेशालय का अपर निदेशक बनाया गया है।
कानपुर, गोंडा और बदायूं में नई प्रशासनिक नियुक्तियां
बदायूं में उपजिलाधिकारी पद पर कार्यरत राजेश कुमार सिंह को पदोन्नत/स्थानांतरित कर कानपुर नगर का अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) बनाया गया है। गोंडा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के रूप में तैनात संजय कुमार सिंह को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल में उपनिदेशक (प्रशासन) की जिम्मेदारी दी गई है। झांसी के नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा को गोंडा का नया अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है, जबकि कुशीनगर में उपजिलाधिकारी पद पर तैनात योगेश्वर सिंह को झांसी का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। शासन के इस आदेश के बाद सभी अफसरों को तत्काल प्रभाव से अपना नया कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।











