लखनऊ। “मिलना इत्तेफाक था, बिछड़ना नसीब था, वो उतना ही दूर चला गया जितना करीब था…” उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र से एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला अपने स्कूली दिनों के आशिक संग फरार हो गई। जब पुलिस उसे वापस ढूंढकर लाई, तो पीआरडी जवान पति ने जान का जोखिम लेने या रोज-रोज की कलह से बचने के लिए बड़ा दिल दिखाया और अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ गांव के ही एक मंदिर में करवा दी। मलिहाबाद में हुआ यह अनोखा विवाह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

एक साल पहले हुई थी शादी, चार दिन पहले स्कूली बॉयफ्रेंड संग हुई फरार
जानकारी के मुताबिक, माल थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का विवाह एक साल पहले मलिहाबाद के रहने वाले पीआरडी (PRD) जवान के साथ धूमधाम से हुआ था। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं और एक साल तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। हालांकि, पति को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसकी पत्नी का दिल आज भी अपने स्कूली दिनों के प्रेमी के लिए धड़कता है। रविवार को अचानक पत्नी अपने प्रेमी के साथ हरदोई भाग गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो पति ने मलिहाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस ने हरदोई से किया बरामद, पत्नी ने प्रेमी संग रहने की जताई जिद
मलिहाबाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस की, तो दोनों की मौजूदगी जनपद हरदोई में पाई गई। पुलिस दोनों को वापस मलिहाबाद थाने लेकर आई। जब पति ने थाने में पत्नी से उसके मन की बात पूछी, तो उसने साफ शब्दों में अपने प्रेमी के साथ ही रहने की ख्वाहिश जताई और पति के साथ वापस जाने से पूरी तरह इनकार कर दिया।
‘नया रिश्ता पैदा क्यों करें जब बिछड़ना ही है’… पति ने मंदिर में कराई शादी
देश-प्रदेश में पतियों के साथ हो रही आपराधिक वारदातों और रोज-रोज के झगड़ों से सबक लेते हुए पीआरडी जवान ने समझदारी और सब्र का परिचय दिया। पति ने पत्नी की मर्जी को स्वीकार करते हुए एक बड़ा फैसला लिया। उसने गांव के ही मंदिर में अपनी मौजूदगी में पत्नी और उसके प्रेमी का विवाह करवा दिया। बिना किसी विवाद, कानूनी उलझन या खून-खराबे के मामले को शांत कर पति ने खुद को इस रिश्ते से अलग कर लिया और पत्नी को उसके प्रेमी के सुपुर्द कर दिया।













