
देशभर के घरेलू एलपीजी (LPG) उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण नियम लागू होने जा रहा है. केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि सब्सिडी वाले रेट (Regulated Retail Selling Price) पर LPG रिफिल बुक करने के लिए उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) प्रक्रिया पूरी करनी अनिवार्य होगी. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, इस कदम का मुख्य उद्देश्य सब्सिडी के दुरुपयोग, फर्जी/डुप्लीकेट कनेक्शनों और घरेलू सब्सिडी वाले सिलेंडरों के कमर्शियल व इंडस्ट्रियल इस्तेमाल पर लगाम लगाना है.
89.9 फीसदी उपभोक्ताओं का ऑथेंटिकेशन पूरा, पुराने यूजर्स को छूट सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा करा लिया है, उन्हें दोबारा कोई प्रक्रिया करने की आवश्यकता नहीं होगी. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 तक देश के कुल 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं में से करीब 89.9 प्रतिशत लोगों ने बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है. जिन ग्राहकों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे इसे पूरा करने के बाद ही सब्सिडी वाले दाम पर सिलेंडर बुक कर पाएंगे.
घर बैठे या डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए ऐसे पूरा करें बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन उपभोक्ताओं को इस प्रक्रिया के लिए परेशान होने या अलग से लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है. ऑथेंटिकेशन पूरा करने के लिए निम्नलिखित आसान विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं:
-
सिलेंडर डिलीवरी के समय: गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी बॉय के पास उपलब्ध डिवाइस से ऑथेंटिकेशन कराया जा सकता है.
-
गैस एजेंसी जाकर: उपभोक्ता अपने संबंधित गैस डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर भी इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं.
-
मोबाइल ऐप्स द्वारा: ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के आधिकारिक मोबाइल ऐप्स—इंडेन के लिए IndianOil ONE, भारत गैस के लिए HelloBPCL और एचपी गैस के लिए HP PAY ऐप से घर बैठे ऑथेंटिकेशन पूरा किया जा सकता है.
ऑथेंटिकेशन न कराने पर बंद नहीं होगी गैस, लेकिन चुकाना होगा बाजार मूल्य मंत्रालय ने राहत देते हुए साफ किया है कि जिन ग्राहकों का बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा नहीं होगा, उनकी LPG गैस की सप्लाई बंद नहीं की जाएगी. हालांकि, ऐसे उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा और उन्हें सिलेंडर बाजार मूल्य (Market Price) पर खरीदना होगा. इसके लिए ग्राहकों को कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट, ऐप, वॉट्सऐप चैटबॉट या IVRS के जरिए अपना विकल्प चुनना होगा. साथ ही, स्थानीय उपलब्धता के आधार पर वे 5 किलो या 10 किलो वाले छोट-बड़े सिलेंडरों का विकल्प भी चुन सकते हैं.
31 अगस्त तक 62 हजार करोड़ की अंडर-रिकवरी, हेल्पलाइन जारी अक्टूबर 2023 से चलाए जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान की समयसीमा पहले 14 सितंबर तय की गई थी. आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये थी (जो जून में लगभग 721 रुपये थी). वहीं सरकारी तेल कंपनियों की घरेलू LPG पर जमा अंडर-रिकवरी 31 अगस्त 2026 तक 62 हजार करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी थी. सरकार ने शेष उपभोक्ताओं से 1 अक्टूबर से पहले ऑथेंटिकेशन पूरा करने की अपील की है. किसी भी सहायता के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर सकते हैं.













