सहारनपुर के बाद अब मेरठ में नकली नोटों का फर्जीवाड़ा: एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट से मिले ₹4.63 लाख के जाली नोट, BNS की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज

मेरठ। सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये की नकली करेंसी बरामद होने के बाद अब मेरठ के एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में भी बड़े पैमाने पर जाली नोट मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगल पांडेय नगर स्थित एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में 1 दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 तक जमा हुए नोटों की जांच के दौरान 4.63 लाख रुपये के नकली नोट पकड़े गए हैं। बैंक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस के नोडल थाने सिविल लाइंस में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

186 शाखाओं से आए नोटों की जांच में खुला राज

हरियाणा के हिसार निवासी और एक्सिस बैंक के प्रबंधक सरताज सिंह ने 16 सितंबर को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को इस पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी थी, जिसके बाद बुधवार को पुलिस ने औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की। बैंक प्रबंधक ने बताया कि मंगल पांडेय नगर स्थित करेंसी चेस्ट से कुल 186 एक्सिस बैंक शाखाएं जुड़ी हुई हैं।

इन सभी शाखाओं में ग्राहकों द्वारा जमा कराया गया कैश निरीक्षण और सत्यापन के लिए करेंसी चेस्ट में भेजा जाता है। बीते करीब 13 महीनों में प्राप्त हुई धनराशि के सघन निरीक्षण के दौरान 1,323 जाली नोट बरामद हुए। इन नकली नोटों में 500, 200, 100 और 50 रुपये मूल्य वर्ग के नोट शामिल हैं।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बैंक प्रबंधक की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 178, 179, 180, 181 और 182 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किन-किन विशिष्ट शाखाओं से ये जाली नोट चेस्ट तक पहुंचे और इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है। सहारनपुर और मेरठ दोनों जगह करेंसी चेस्ट से नकली नोट मिलने के बाद अब पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बैंकिंग नेटवर्क पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha