
लखनऊ। उत्तर प्रदेश होमगार्ड विभाग में 41,424 पदों को भरने के लिए जारी भर्ती प्रक्रिया इसी महीने पूरी कर ली जाएगी। अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म करते हुए विभाग इसी माह के अंत तक परीक्षा परिणाम (Result) भी घोषित करने जा रहा है।
डीजी होमगार्ड डीके ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण (Training) के लिए भेजा जाएगा।
10 लाख से अधिक कारतूसों की होगी खरीद
होमगार्ड स्वयंसेवकों को आधुनिक और बेहतर प्रशिक्षण देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। डीजी होमगार्ड के अनुसार, जवानों के बेहतरीन फायरिंग अभ्यास के लिए राइफल के 10 लाख से अधिक कारतूस खरीदे जाएंगे। इससे जवानों को ड्यूटी के दौरान सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।
7,600 नए पदों पर फिर निकलेगी भर्ती
मौजूदा भर्ती प्रक्रिया संपन्न होते ही युवाओं को नौकरी का एक और बड़ा मौका मिलने जा रहा है। डीजी होमगार्ड ने स्पष्ट किया कि 41,424 पदों की भर्ती पूरी होते ही होमगार्ड स्वयंसेवकों के 7,600 अतिरिक्त रिक्त पदों पर नई भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों के कुल स्वीकृत पद 1,18,348 हैं, जिनके सापेक्ष वर्तमान में 69,324 जवान ही कार्यरत हैं। नई भर्तियों के पूरा होने से विभाग की क्षमता में काफी इजाफा होगा।










