मायावती का बड़ा फैसला, आकाश आनंद की BSP में वापसी; फिर बने राष्ट्रीय संयोजक

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) में मायावती के भतीजे आकाश आनंद की एक बार फिर वापसी हो गई है। मायावती ने आकाश आनंद को दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कन्वेनर) बनाने का फैसला लिया है। मायावती ने सोमवार को अपने एक्स हैंडल पर एक लंबा पोस्ट जारी कर इस फैसले की जानकारी दी और इसके पीछे की वजह भी बताई।

मायावती ने क्या कहा?

मायावती ने अपने पोस्ट में कहा कि परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनके परम अनुयायी मान्यवर कांशीराम का बहुजन हित के लिए त्याग, तपस्या, आजीवन संघर्ष और उनके उच्च आदर्श हमेशा प्रेरणा के स्रोत रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं आदर्शों पर चलते हुए बीएसपी ने देश की राजनीति में अभूतपूर्व सफलताएं हासिल की हैं।

मायावती ने कहा कि खासकर आगामी यूपी विधानसभा आम चुनाव को लेकर पार्टी सर्वसमाज के साथ उत्साहपूर्वक तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि उनका निजी नहीं, बल्कि पूरा बहुजन समाज ही उनका विराट परिवार है और उसका हित व कल्याण उनके लिए सर्वोपरि है। पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने पिछले कुछ दिनों में कई सख्त फैसले लिए हैं। मायावती ने कहा कि उनके अपने भाई-बहन और उनके परिवार के लोग भी इन फैसलों में कभी अपवाद नहीं रहे हैं।

आकाश आनंद की कार्यशैली में बदलाव का किया जिक्र

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों उनके संबंध में कुछ ऐसे कारण रहे, जिनकी वजह से पार्टी संगठन में कई जरूरी बदलाव करने पड़े।

उन्होंने कहा कि अंततः आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बाद से आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में काफी बदलाव देखने को मिला है।

मायावती ने कहा कि इसका प्रमाण हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी में वापसी के अनुरोध को लेकर आकाश आनंद की ओर से किया गया पोस्ट भी है, जिसकी काफी चर्चा हुई।

पार्टी नेताओं की सहमति के बाद लिया फैसला

मायावती के मुताबिक, पार्टी के अधिकांश लोगों का कहना था कि आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें उनकी पूर्व जिम्मेदारियों के साथ दोबारा पार्टी में काम करने का मौका दिया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि आकाश आनंद के पिता के साथ-साथ उनके छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस संबंध में अपनी सहमति जताई है। मायावती ने कहा कि ईशान आनंद ने मिशनरी भावना दिखाते हुए यह भी कहा है कि वह बिना किसी पद के ही पार्टी में मायावती के दिशा-निर्देशन में जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे।

फिर राष्ट्रीय संयोजक बनाए गए आकाश आनंद

मायावती ने कहा कि पार्टी ने काफी सोच-विचार के बाद पार्टी और मूवमेंट के हित में आकाश आनंद को दोबारा बीएसपी का राष्ट्रीय संयोजक बनाकर काम करने का मौका देने का फैसला किया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब पार्टी में सब कुछ ठीक और सुचारू रूप से चलेगा और संगठन में बार-बार बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, मायावती ने यह भी कहा कि यह काफी कुछ आकाश आनंद पर निर्भर करेगा।

आकाश, ईशान और आनंद कुमार को दिया आशीर्वाद

मायावती ने अपने पोस्ट के अंत में आकाश आनंद, उनके छोटे भाई ईशान आनंद और उनके पिता आनंद कुमार को अपना प्यार और आशीर्वाद दिया।

उन्होंने आकाश आनंद के राजनीतिक उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। साथ ही मायावती ने पिछले दिनों हर परिस्थिति में उनका साथ निभाने के लिए बहुजन समाज के सभी लोगों और अपने शुभचिंतकों का तहेदिल से आभार जताया।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha