क्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च के मैदान पर खेला जाना है। यह मुकाबला केवल सीरीज के लिहाज से ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास के पन्नों में भारतीय टीम के लिए बेहद खास और ऐतिहासिक दर्ज होने जा रहा है। जैसे ही टीम इंडिया इस मुकाबले के लिए मैदान पर उतरेगी, वह एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी जो आज तक दुनिया की कोई अन्य क्रिकेट टीम नहीं कर पाई है।
300वां T20I खेलने वाली दुनिया की पहली टीम बनेगी टीम इंडिया
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भारतीय क्रिकेट इतिहास का 300वां T20I मुकाबला होगा। इसके साथ ही टीम इंडिया 300 T20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली दुनिया की पहली टीम बनने का गौरव हासिल कर करेगी। भारत ने साल 2006 से लेकर अब तक यह सफर तय किया है और इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने और अपनी मजबूत पकड़ बनाने का कीर्तिमान स्थापित किया है।
200वीं ऐतिहासिक जीत पर होगी भारतीय टीम की नजर
इस ऐतिहासिक 300वें मुकाबले में टीम इंडिया के सामने एक और बड़ा मील का पत्थर पार करने का मौका होगा। भारत ने अब तक खेले गए कुल T20I मैचों में से 199 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। इस दौरान टीम को 83 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 7 मैच टाई रहे और 10 मुकाबलों का कोई परिणाम नहीं निकल सका।
यदि क्राइस्टचर्च के इस दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो यह T20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में भारत की 200वीं जीत होगी। ऐसा कारनामा करने वाली भी टीम इंडिया दुनिया की पहली और इकलौती टीम बन जाएगी।
सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने का सुनहरा मौका
रिकॉर्ड्स के अलावा खेल के लिहाज से भी यह मैच बेहद अहम है। क्राइस्टचर्च में होने वाले इस मुकाबले को जीतकर भारतीय टीम पांच मैचों की इस सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त हासिल करना चाहेगी। यदि टीम इंडिया यह मैच जीत जाती है, तो सीरीज अपने नाम करने के लिए उसे बचे हुए तीन मुकाबलों में से केवल 1 मैच जीतने की आवश्यकता होगी, जिससे मेजबान न्यूजीलैंड की टीम पर सीरीज बचाने का भारी दबाव आ जाएगा।


















