उत्तराखंड से एक बड़ी और दर्दनाक दुर्घटना की खबर सामने आ रही है. बदरीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर अचानक हादसे का शिकार हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें पांच यात्री और एक पायलट शामिल हैं. हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA), स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तुरंत सक्रिय हो गई हैं और इलाके में राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है.
खराब मौसम के बीच ड्रोन से तलाशी, छई गांव के पास आखिरी लोकेशन
हादसे के बाद से ही हेलीकॉप्टर के पायलट से संपर्क साधने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन अभी तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है. दुर्घटनास्थल पर मौसम बेहद खराब और धुंध से भरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लोकेशन का सही अंदाजा लगाने के लिए प्रशासन ड्रोन कैमरों की मदद ले रहा है.
यूकाडा के अधिकारियों के मुताबिक, बदरीनाथ से सहस्रधारा के लिए उड़े ‘ट्रांस भारत एविएशन’ के इस हेलीकॉप्टर की आखिरी लोकेशन जोशीमठ क्षेत्र में छई गांव के ऊपर स्थित सेना के कैंप के पास दिखाई दी है. जोशीमठ चौकी के उपनिरीक्षक मनोहर कन्याल ने बताया कि हेलीकॉप्टर के पूरी तरह क्रैश होने या इमरजेंसी क्रैश लैंडिंग को लेकर स्थितियां अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाई हैं, पर टीमें लगातार मौके की तरफ बढ़ रही हैं.
हेलीकॉप्टर में सवार लापता लोगों की सूची
हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर में कैप्टन सहित निम्नलिखित लोग सवार थे:
-
पायलट: कैप्टन हिमांशु
-
यात्री (पुरुष):
-
प्रतापा
-
अरुण
-
शंकर गौड़ा
-
सुधीर के.
-
एच.एस. नटराज
-
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख, दिए घायलों को एयरलिफ्ट करने के सख्त निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा की है. सीएम धामी ने लिखा कि जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है.
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ द्वारा त्वरित गति से संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं और कहा है कि अगर कोई भी यात्री या क्रू मेंबर गंभीर रूप से घायल मिलता है, तो उसे तुरंत बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर एयरलिफ्ट कराया जाए. सीएम धामी ने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की सकुशल वापसी और सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की है.


















