
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में कगिसो रबाडा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने 13,808 गेंदों में 350 टेस्ट विकेट पूरे कर अपने ही देश के दिग्गज गेंदबाज डेल स्टेन का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 350 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। रबाडा ने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
रबाडा ने दूसरी पारी में सबसे पहले मैट रेनशॉ को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने मार्नस लाबुशेन और ट्रेविस हेड को भी आउट कर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को बड़ा झटका दिया। इसी दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे किए।
13,808 गेंदों में पूरे किए 350 विकेट
कगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में 13,808 गेंदें फेंककर 350 विकेट हासिल किए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड डेल स्टेन के नाम था। स्टेन ने 14,719 गेंदों में 350 विकेट पूरे किए थे। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनिस इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 14,905 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
इस उपलब्धि के साथ रबाडा टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीका के चौथे गेंदबाज भी बन गए हैं।
सबसे कम गेंदों में 350 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज
- कगिसो रबाडा – 13,808 गेंद
- डेल स्टेन – 14,719 गेंद
- वकार यूनिस – 14,905 गेंद
- मैल्कम मार्शल – 16,285 गेंद
- मिचेल स्टार्क – 16,908 गेंद
दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट
दक्षिण अफ्रीका की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड डेल स्टेन के नाम है। उन्होंने अपने करियर में 439 विकेट हासिल किए। इस सूची में शॉन पोलॉक 421 विकेट के साथ दूसरे और मखाया एनटिनी 390 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अब कगिसो रबाडा 350 विकेट लेकर इस खास सूची में चौथे गेंदबाज बन गए हैं।
जीत के करीब पहुंचा दक्षिण अफ्रीका
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा तीसरा टेस्ट मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। मैच में शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी नजर आ रहा था। पहली पारी में 100 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका के पांच विकेट महज 181 रन पर गिरा दिए थे। उस समय दक्षिण अफ्रीका की कुल बढ़त सिर्फ 81 रन थी और उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
हालांकि, इसके बाद रियान रिकल्टन और वियान मुल्डर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। रिकल्टन ने 101 रन बनाए, जबकि मुल्डर ने 115 रनों की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की शतकीय पारियों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में सात विकेट सिर्फ 60 रन पर गिर चुके थे। टीम को जीत के लिए अभी 228 रन बनाने थे। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका की टीम जीत के करीब पहुंचती नजर आ रही थी। रबाडा की रिकॉर्डतोड़ गेंदबाजी ने भी मैच में दक्षिण अफ्रीका की स्थिति मजबूत कर दी है।

















