कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के काॅन्टेक्ट ट्रेसिंग के कार्य में लापरवाही न बरती जाए – डीएम

मैनपुरी – कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है, लेकिन संतोष की बात यह है कि उतनी ही तेजी से संक्रमित मरीजों में रिकवरी हो रही है और वह ठीक होकर अपने-अपने घर जा रहे हैं, कोरोना के बढ़ते संक्रमण से प्रत्येक नागरिक को बचाना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है, इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें, कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के काॅन्टेक्ट ट्रेसिंग के कार्य में लापरवाही न बरती जाए, मरीज के सभी परिजनों के साथ-साथ उसके सम्पर्क में आये प्रत्येक व्यक्ति की सैंपलिंग करायी जाये, हाॅट-स्पाॅट जोन में कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये, हाॅट-स्पाॅट क्षेत्र के  प्रत्येक घर का स्वास्थ्य विभाग की टीम सर्वे कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच, स्क्रींिनग करें, स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों की जांच करें, जहां भी कोरोना पाॅजिटिव मरीज मिलें, उस क्षेत्र में तत्काल माॅपिंग करायी जाये, स्थानीय निकाय की टीमें भी सक्रिय रहकर माॅपिंग-फाॅगिंग का कार्य करें।
           उक्त निर्देश जिलाधिकारी महेंन्द्र बहादुर सिंह ने अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में देते हुये कहा कि जिन क्षेत्रों में संक्रमण के प्रकरण आ रहे हैं, वहां घर-घर सर्वे कराकर जिन व्यक्तियों में कोरोना के लक्षण हैं उन्हें चिन्हित किया जाये, उनकी तत्काल सैपंलिंग करायी जाये, अधिकाधिक संख्या में एंटीजन टेस्ट का उपयोग किया जाये, निजी चिकित्सालयों के स्वामियों से समन्वय स्थापित कर यदि उनके यहां किसी मरीज में कोविड के लक्षण प्रतीत हों तो उन्हें तत्काल स्वास्थ्य विभाग के कंन्ट्रोल रूम के दूरभाष संख्या- 05672- 240251 पर जानकारी देने हेतु निर्देशित किया जाये। उन्होने अपर जिलाधिकारी से कहा कि स्थानीय निकायों के माध्यम से बाजार बंदी के दौरान प्रत्येक नाले-नाली में एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जाये साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाकों में हाइड्रो क्लोरिक एसिड घोल का छिड़काव कराया जाये, जल भराव वाले क्षेत्रो में जल निकासी के उचित प्रबन्ध कराये जायें, जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां नियमित अंतराल पर फाॅगिंग करायी जाये।
           डीएम ने समीक्षा के दौरान कहा कि कोविड-19 वार्ड, इंस्टिट्यूशनल क्वारन्टीन हाउस में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें, भर्ती मरीजों, लोगों से दूरभाष पर प्रतिदिन फीडबैक लिया जाये, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी में से कोई न कोई एक अधिकारी प्रतिदिन जवाहर नवोदय विद्यालय में स्थित कोविड वार्ड, आईक्यू का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखें, वहां प्रतिदिन बैड पर चादर बदली जाएं, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होने कहा कि श्रम विभाग में पंजीकृत ऐसे श्रमिक जो अभी 1 हजार रू. का लाभ पाने से वंचित हैं, उनकी बैंक डिटेल प्राप्त कर उनकेे खातों में तत्काल धनराशि भेजी जाये। उन्होने कहा कि ऐसे श्रमिक जिन्होने अपने पंजीकरण का नवीनीकरण नहीं कराया है, वह 1 वर्ष हेतु 20 रू. एवं 3 वर्ष हेतु 60 रू. जमा कराकर पंजीकरण का नवीनीकरण करा लें और श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ पायें। उन्होने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सभी लोग सजग रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, कंटेनमेंट जोन के निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हों, उनके घर तक किसी न किसी माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्धारित मूल्य पर करायी जाये।
                      बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया, अपर जिलाधिकारी बी.राम, उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत, क्षेत्राधिकारी नगर अभय राय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीपी. शुक्ला, जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...