लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी (सपा) ने साल 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी से बड़ा दांव खेल दिया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बड़े चुनावी वादों का पिटारा खोल दिया। उन्होंने घोषणा की है कि यदि 2027 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनती है, तो प्रत्येक घरेलू उपभोक्ता को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके साथ ही, उन्होंने आधी आबादी यानी महिलाओं को साधने के लिए साल में 40 हजार रुपये की पेंशन देने का भी संकल्प लिया।
स्मार्ट मीटर नहीं, ‘ठगी का मीटर’ है: अखिलेश यादव
राजधानी के पार्टी मुख्यालय में बुंदेलखंड समेत प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं के बीच अखिलेश यादव ने सीधे भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता स्मार्ट मीटर के नाम पर की जा रही ‘बिजली की ठगी’ से परेशान है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता के गुस्से का मीटर अब हाई हो चुका है। अखिलेश के अनुसार, मीटरों की तेज दौड़ती रीडिंग का असली कारण भाजपा का भ्रष्टाचार है। उन्होंने दावा किया कि ठेके देने से पहले ही मीटर कंपनियों से एडवांस कमीशन वसूल लिया जाता है, जिसकी भरपाई बिजली कंपनियां उपभोक्ताओं से अधिक बिल वसूल कर रही हैं।
EVM की तरह बिजली मीटरों में भी हेराफेरी का आरोप
सपा प्रमुख ने बिजली के बिलों की तुलना चुनाव से करते हुए कहा कि भाजपा के बिजली मीटर भी ईवीएम मशीन की तरह ही हेराफेरी करते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भाजपा नेता जनता के गुस्से के ‘करंट’ से बचकर रहें। अखिलेश ने कहा कि महंगे सिलेंडर और बिजली के भारी-भरकम बिल ही आने वाले चुनावों में सत्ता से भाजपा का कनेक्शन काट देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि जिस तरह 2024 के लोकसभा चुनावों में सपा ने शानदार प्रदर्शन किया, उसे दोहराते हुए 2027 में और भी अधिक विधायक जिताने हैं।
PDA के दम पर भाजपा का सूपड़ा साफ करने की रणनीति
अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उन्होंने ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक और आधी आबादी) का जिक्र करते हुए कहा कि यह वर्ग अब भाजपा से मुक्ति चाहता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर ऐसी रणनीति बनाएं कि 2027 के चुनाव में भाजपा एक-एक सीट के लिए तरस जाए। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा केवल झूठा ‘नरेटिव’ गढ़ना जानती है, जबकि धरातल पर भ्रष्टाचार और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर तीखा हमला
सपा अध्यक्ष ने भाजपा राज में महिलाओं की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए उन्होंने कहा कि हर विभाग में लूट-खसोट मची है और अब भाजपा को सत्ता से विदा होने के लिए तैयार हो जाना चाहिए। इस कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।











