
हमीरपुर : एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिले में वृक्षारोपण महायज्ञ की शुरुआत हो चुकी है। पहले दिन 6,400 पौधों को लगाया गया है। कुल 81 लाख पौधे हमीरपुर जिले में लगाने का टारगेट हैं जिसको 26 विभाग और आमजन के सहयोग से पूरा किया जाएगा। खास बात यह है कि हर वर्ष की तरह पौधे सूखने न पाएं इसके लिए इस बार पौधों में जियो-टैगिंग की गई है। ताकि इनकी समय समय पर पौधों की स्थिति का पता लग सके, देखभाल कर इनको पौधे से वृक्ष तक पाला जा सके।

वन विभाग की ओर से कनौटा वन ब्लॉक, कालपी रोड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि श्याम बिहारी गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित पौधारोपण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक ग्राम में ‘हरिशंकरी’ (पीपल, बरगद एवं पाकर) का एक साथ रोपण कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।

जिले की नोडल अधिकारी माला श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर वन विभाग द्वारा लगभग 6,400 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि वन विभाग सहित 26 विभागों एवं जनसामान्य के सहयोग से पूरे जिलेभर में 81 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी पर आधारित व्यापक पर्यावरणीय जनआंदोलन है। लगाए गए पौधों की जियो-टैगिंग, नियमित मॉनिटरिंग एवं संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे पौधों के जीवित रहने की दर अधिकतम बनी रहे और जनपद का हरित क्षेत्र निरंतर बढ़ सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, ब्लॉक प्रमुख कुरारा आशीष पालीवाल, नगर पंचायत कुरारा की अध्यक्ष आशारानी कबीर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









