कपड़े धोने के विवाद में खूनी खेल: उन्नाव में सगे पिता और भाइयों ने युवक को कुल्हाड़ी-तलवार से काटा, पुलिस ने शुरू की धरपकड़

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र स्थित गंज मुरादाबाद मोचीयाना मोहल्ले में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां कपड़े धोने जैसी मामूली बात से शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना हिंसक हो गया कि सगे पिता और भाइयों ने मिलकर दिलशाद उर्फ पप्पू नाम के युवक पर कुल्हाड़ी, तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस बेरहम हमले में दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

वाशिंग मशीन से शुरू हुई तकरार, पत्नी का हाथ तोड़ा और फिर पति पर किया जानलेवा हमला

मृतक दिलशाद की पत्नी सूफिया बानो के अनुसार, विवाद की शुरुआत घर में वाशिंग मशीन से कपड़े धोने को लेकर हुई थी। सूफिया का आरोप है कि उसके ससुर मुर्तजा ने उसे कपड़े धोने से रोका, जिसके बाद बात काफी बढ़ गई। इस दौरान देवर और जेठ ने मारपीट करते हुए सूफिया का हाथ तोड़ दिया। सूफिया का दावा है कि उसने इस उत्पीड़न की शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में भी दर्ज कराई थी, लेकिन समय रहते पुलिस द्वारा कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद बेखौफ होकर आरोपियों ने घर में कूदकर उसके पति दिलशाद की निर्ममता से हत्या कर दी।

वारदात का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पूरे इलाके में फैली दहशत

इस भीषण हत्याकांड का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वायरल वीडियो में मुर्तजा के बेटे हाथों में धारदार कुल्हाड़ी और तलवार लहराते हुए अपने ही सगे भाई दिलशाद पर अंधाधुंध वार करते साफ नजर आ रहे हैं। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे गंज मुरादाबाद इलाके में खौफ और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर संदिग्धों को लिया हिरासत में, सीओ ने दी जानकारी

मामले की जानकारी देते हुए सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे डायल 112 के माध्यम से पारिवारिक झगड़े में दिलशाद के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल घायल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बांगरमऊ पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha