तीसरी नजर से नहीं बच सकते, इसलिए नियमों का पालन करें: एसीपी


-यातायात पुलिस कर्मियों को बांटे गए इम्यूनिटी बूस्टर

गुरुग्राम। शहर में अब यातायात नियमों को तोडऩा आसान नहीं होगा। यदि कोई वाहन चालक किसी भी चौक-चौराहे पर यातायात के नियमों का उल्लंघन करता है, तो वह यह ना समझे कि उसे कोई देख नहीं रहा। जिस चौक-चौराहे पर यातायात पुलिसकर्मी नहीं होते वहां पर वह वाहन चालक तीसरी आंख की निगरानी में रहता है। यह बात एसीपी यातायात संजीव बल्हारा ने कही।
वे बुधवार को पुलिस शहीद फाऊंडेशन की ओर से पुलिस कर्मचारियों के लिए इम्यूनिटी बूस्टर वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। सुशांतलोक स्थित ट्रैफिक टावर में आयोजित कार्यक्रम में नेस्ले कंपनी का विशेष सहयोग रहा।

यहां के बाद फाऊंडेशन के सदस्यों ने हुडा सिटी सेंटर के नजदीक ट्रैफिक पुलिस बूथों पर जाकर भी ट्रैफिक पुलिस जवानों को इम्यूनिटी बूस्टर का वितरण किया। एसीपी संजीव बल्हारा ने सभी ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों और फाऊंडेशन के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि अब हर चौक-चौराहे की निगरानी कैमरों द्वारा की जाएगी। सभी जगह आधुनिक और ऑटोमेटिक कैमरे लगा दिए गए हैं, जिससे ना केवल यातायात सुचारू रूप से चलाया जाएगा, बल्कि अपराध को नियंत्रित करने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में गुरुग्राम जैसे जिलों में ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारियां बहुत बढ़ गई हैं। पुलिस की यही कोशिश रहती है कि वह अपनी जिम्मेदारियों पर खरा उतरे। उन्होंने यातायात पुलिस के कर्मचारियों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से किसी भी वाहन चालक को तंग ना करें। यातायात को नियंत्रित करने में अपने कपतव्य का पूरी तरह से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को कैमरे में देखकर उनका चालान किया जाएगा और उनके दिए हुए पते पर चालान पहुंचाया जाएगा। पहले से ऐसा किया भी जा रहा है। इसलिए आम जनता से अपील है कि वो पूरी तरह से यातायात के नियमों का पालन करे।


इस अवसर पर नेस्ले कंपनी के उपाध्यक्ष सेल्स संजय कौल, नेस्ले कंपनी के गुरुग्राम वितरक राजीव पराशर, रिटायर्ड इंस्पेक्टर एवं फाऊंडेशन सदस्य चन्द्रप्रकाश भारद्वाज, सभी ट्रैफिक इंस्पेक्टर्स, जेडओ सहित भारी संख्या में ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...