
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में महिला मतदाताओं को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। योगी सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं के बीच समाजवादी पार्टी ने भी महिलाओं के लिए नई योजना का ऐलान किया है। सपा सांसद डिंपल यादव ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत 40 हजार रुपये से होगी और इसमें हर साल बढ़ोतरी की जाएगी।
डिंपल यादव ने कहा कि केवल महिला सशक्तिकरण की बातें करने से महिलाओं की स्थिति मजबूत नहीं होगी। इसके लिए उन्हें समाज और व्यवस्था में वास्तविक प्रतिनिधित्व और समान अवसर देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सपा का संकल्प प्रदेश की आधी आबादी यानी हर महिला की गरिमा, सम्मान और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना है।
समानता के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर
सपा सांसद ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को समानता का अधिकार देकर सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है। वहीं, आर्थिक सशक्तिकरण का मतलब महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता अपने आप में सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होंगी, तो वे अपने फैसले अधिक मजबूती और स्वतंत्रता के साथ ले सकेंगी।
‘महिला’ शब्द के इस्तेमाल पर डिंपल ने दी सफाई
डिंपल यादव ने योजना के नाम में ‘महिला’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ‘लड़की’, ‘युवती’ या ‘लेडी’ जैसे शब्द किसी विशेष उम्र या वर्ग की ओर संकेत कर सकते हैं, जबकि ‘महिला’ शब्द लिंग को दर्शाता है और इसका दायरा हर उम्र की महिलाओं तक है।
उन्होंने कहा कि इसी वजह से ‘महिला’ शब्द का इस्तेमाल जानबूझकर किया गया है, ताकि योजना का उद्देश्य किसी खास आयु वर्ग तक सीमित न रहे।
‘सम्मान’ हर महिला का पहला अधिकार
डिंपल यादव ने कहा कि योजना के नाम में ‘सम्मान’ शब्द भी सोच-समझकर शामिल किया गया है। उनके मुताबिक, सम्मान हर महिला का पहला अधिकार और उसकी गारंटी होनी चाहिए। इसका किसी महिला की सामाजिक या आर्थिक स्थिति से कोई संबंध नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी महिला केवल इसलिए सम्मान की हकदार है क्योंकि वह महिला है। महिलाओं को सम्मान, समानता और आर्थिक स्वतंत्रता देना ही वास्तविक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सपा ने महिला मुद्दे पर बढ़ाई सक्रियता
सपा की ओर से ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की घोषणा को आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। योगी सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं के बीच सपा ने भी महिलाओं को सामाजिक सम्मान के साथ आर्थिक रूप से मजबूत करने का मुद्दा उठाया है।
पार्टी का कहना है कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाने के बजाय उन्हें समान अधिकार, प्रतिनिधित्व और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।












