
Noida Police Encounter Randeep Bhati Gang: उत्तर प्रदेश के नोएडा में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत नोएडा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। नोएडा के थाना 126 क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात रणदीप भाटी गैंग के 50,000 रुपये के इनामी शार्प शूटर के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश ढेर हो गया है। इस दौरान हुई गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की अंधाधुंध फायरिंग
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल सीआरटी (CRT) टीम और थाना 126 पुलिस को इलाके में रणदीप भाटी गैंग के एक शातिर शूटर की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने संदिग्ध बदमाश को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस के सामने सरेंडर करने के बजाय खाकी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं और वहां से भागने की कोशिश की।
डीसीपी प्रीति यादव ने दी एनकाउंटर की जानकारी
नोएडा की डीसीपी प्रीति यादव ने मुठभेड़ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बदमाश की अचानक हुई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की सटीक जवाबी फायरिंग में 50,000 रुपये का इनामी शार्प शूटर अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस मुठभेड़ में घायल हुए तीनों पुलिसकर्मियों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लंबे समय से थी तलाश, भाटी गैंग के अन्य गुर्गों की तलाश जारी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारा गया बदमाश अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी कुख्यात रणदीप भाटी गैंग का सक्रिय और खतरनाक शूटर था। उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की धरपकड़ के लिए आगे की तफ्तीश कर रही है।


















