
- खरसुलिया के पास गड्ढे से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक; सिर में गंभीर चोट लगने से महिला ने तोड़ा दम, सड़क की बदहाली पर फिर उठे सवाल
Etah : अलीगंज-एटा सड़क पर बने गहरे गड्ढे ने शनिवार को एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बीमार बेटी का हालचाल जानने जा रही 55 वर्षीय महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। हादसा नयागांव थाना क्षेत्र के खरसुलिया गांव के पास उस समय हुआ, जब बाइक चालक ने सड़क पर बने गहरे गड्ढे को बचाने का प्रयास किया। बाइक असंतुलित होकर फिसल गई और पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान माया देवी 55, पत्नी महेश, निवासी ग्राम चुरसाई, थाना जहानगंज, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बीमार बेटी से मिलने निकली थीं मां
मृतका के बेटे राहुल ने बताया कि उसकी बहन मांखेड़ा गांव में रहती है और कई दिनों से बीमार चल रही है। शनिवार सुबह वह अपनी मां को बाइक से बहन का हालचाल जानने ले जा रहा था। खरसुलिया गांव के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे को बचाने के प्रयास में बाइक उछल गई और उसकी मां सड़क पर गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सीएचसी पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। नयागांव पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि महिला को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। उन्हें ब्रॉट डेड (Brought Dead) अवस्था में लाया गया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना नयागांव प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सड़क पर बने गड्ढे को बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित होने से हादसा होना सामने आया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
सड़क के गड्ढों पर फिर उठे सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि खरसुलिया मार्ग लंबे समय से गड्ढों में तब्दील है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और संबंधित विभाग की लापरवाही की कीमत अब लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क की तत्काल मरम्मत नहीं कराई गई, तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे होते रहेंगे।
गड्ढों से बचने की कोशिश मौत की वजह बन गई और जर्जर सड़क ने एक बार फिर एक मां की जिंदगी छीन ली।













