UP Voter List ECINET Portal Fraud Action: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में गड़बड़ी और ECINET पोर्टल की लॉग-इन आईडी के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। पीलीभीत जिले में हुई अनधिकृत गतिविधि के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालयों में तैनात कंप्यूटर सहायकों यानी मतदाता पंजीकरण केंद्र के ऑपरेटरों की ECINET लॉग-इन आईडी तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय (Block) करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
इस कदम का मुख्य उद्देश्य पोर्टल पर कंप्यूटर ऑपरेटरों के जरिए किसी भी प्रकार की अनधिकृत पहुंच या डेटा में हेरफेर को रोकना है। आइए जानते हैं कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला अधिकारियों को क्या सख्त निर्देश जारी किए हैं।
ERO करेंगे आईडी बंद होने की पुष्टि, DEO भेजेंगे अनुपालन रिपोर्ट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) को स्पष्ट हिदायत दी है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों में तैनात ऑपरेटरों की आईडी बंद कराने के बाद कार्रवाई का खुद सत्यापन करें:
-
सत्यापन अनिवार्य: केवल आईडी निष्क्रिय करने के निर्देश ही नहीं दिए गए हैं, बल्कि सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) से इसकी लिखित पुष्टि कराई जाएगी।
-
अनुपालन रिपोर्ट: जिला निर्वाचन अधिकारी खुद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हुई कार्रवाई की जांच करेंगे और इसकी अनुपालन रिपोर्ट तुरंत मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजेंगे।
पीलीभीत में कंप्यूटर सहायक (आउटसोर्स) की सेवा तुरंत समाप्त करने के आदेश
यह पूरा मामला विधानसभा क्षेत्र 127-पीलीभीत से जुड़ा हुआ है, जहां ECINET पोर्टल की लॉग-इन आईडी के गलत इस्तेमाल की गंभीर शिकायतें और सूचनाएं सामने आई थीं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने संबंधित आउटसोर्स फर्म को निर्देश दिए हैं कि गड़बड़ी में शामिल दोषी कंप्यूटर सहायक (आउटसोर्स कर्मचारी) की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाए। इसके साथ ही मामले की आगे की जांच भी शुरू कर दी गई है।
मतदाता सूची की सुरक्षा और पारदर्शिता पर सख्त हुआ आयोग
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सख्त शब्दों में कहा कि मतदाता सूची के निर्माण और संशोधन से जुड़े कार्यों में शुचिता, डेटा सुरक्षा और पूर्ण पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आयोग ने साफ किया है कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का तत्काल और शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। पीलीभीत की घटना के बाद पूरे प्रदेश में कंप्यूटर ऑपरेटरों की ECINET पहुंच बंद होने से चुनावी डेटा सुरक्षा को मजबूत करने का बड़ा संदेश गया है।


















