
चंडीगढ़ : नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं के विरोध में हरियाणा कांग्रेस ने शनिवार को पंचकूला में कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।कैंडल मार्च का नेतृत्व हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर संजय दत्त ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में लगातार हो रहे पेपर लीक घोटालों ने देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने में पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण मेहनतकश विद्यार्थियों का विश्वास लगातार कमजोर हुआ है।हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर छात्र के संघर्ष और अधिकारों की लड़ाई में उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों की आवाज़ को हरियाणा के गांव-गांव, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और विश्वविद्यालयों से लेकर सडक़ और सदन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ कांग्रेस पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी और इस मुद्दे पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर सांसद कर्मवीर बौद्ध, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक चंद्रमोहन, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व डिप्टी स्पीकर व विधायक चौधरी अकरम खान, पंचकूला जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय चौहान, मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, भूपेंद्र सिंह बूरा, दलवीर वाल्मीकि,सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












