
–तस्कर के दो अन्य साथी गाड़ी लेकर भागने में हुए कामयाब
भास्कर समाचार सेवा
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर के कब्जे से 70 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 08 लाख रूपये) व तस्करी में प्रयुक्त गाडी बरामद की है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमबीर व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोताई नहर पुल से अवैध मादक पदार्थ तस्कर अमन पुत्र इलियास निवासी मोहल्ला श्याम नगर थाना लिसाड़ी गेट जनपद मेरठ को गिरफ़्तार किया। जबकि इसके दो साथी तस्कर भागने में कामयाब हो गए। आरोपी तस्कर अलीगढ़ से गाड़ी में गांजा लेकर मेरठ बेचने के लिए जा रहा था। तस्कर की गाड़ी के पीछे चल रही दूसरी गाड़ी में इसके दो साथी तस्कर चल रहे थे। तस्कर अमन की गिरफ़्तारी होने पर उक्त दोनों तस्कर गाड़ी लेकर भागने में सफल हो गए। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर शातिर किस्म का मादक पदार्थ तस्कर है, जो पूर्व में भी थाना पिलखुवा व जनपद गौतमबुद्धनगर से जेल जा चुका है। गिरफ्तार तस्कर अमन अपने अन्य फरार साथियों के साथ मिलकर मादक पदार्थ की तस्करी कर एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई कर आर्थिक लाभ कमाता है। गिरफ़्तार तस्कर अमन पर पूर्व में भी कई मुकदमें दर्ज है। उपरोक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना गढ़मुक्तेश्वर पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। वहीं पुलिस फ़रार दोनों तस्करों की तलाश में जुटी है।












