Kanpur : सरसौल की बदहाल सड़क को मिली नई जिंदगी, 8.50 लाख की लागत से शुरू हुआ निर्माण कार्य

Kanpur : सरसौल कस्बे की मछली मंडी से नेशनल हाईवे को जोड़ने वाले जर्जर संपर्क मार्ग की दुर्दशा का अंत हो गया है। वर्षों से गड्ढों, जलभराव और पेयजल पाइपलाइन के लीकेज से जूझ रही यह सड़क, जो आए दिन हादसों को दावत दे रही थी, अब कायाकल्प की ओर अग्रसर है। दैनिक भास्कर डिजिटल द्वारा इस जनसमस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और बुधवार को युद्धस्तर पर सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया गया। 8.50 लाख रुपये की लागत वाली यह परियोजना क्षेत्र के हजारों निवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

सालों से परेशान थे राहगीर, अब मिलेगी राहत
क्षेत्र पंचायत विकास निधि के तहत बनने वाली इस सड़क के निर्माण को लेकर ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर ने जानकारी दी कि इसका प्रस्ताव और टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूर्ण कर ली गई थी। हालांकि, बारिश के कारण लोगों की बढ़ती परेशानियों और सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रभाव से शुरू कराया गया है। करीब 14 साल पहले सांसद निधि से बनी यह सड़क लंबे समय से जलभराव और पाइपलाइन लीकेज के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

महत्वपूर्ण संस्थानों का है मुख्य मार्ग
यह सड़क केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि सरसौल के विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी मार्ग पर जूनियर हाईस्कूल की बाउंड्री और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय जैसे कई अहम संस्थान स्थित हैं। सड़क खराब होने के कारण यहां से गुजरने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों की लंबी मांग और मीडिया द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद अब इस सड़क का स्थायी समाधान होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख का आभार जताते हुए कहा कि अब उनका आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment