बिसवां, सीतापुर: जनपद के कोतवाली बिसवां क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी चचेरे भाई ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए अपने ही नाबालिग भाई के साथ पहले कुकर्म किया और फिर पकड़े जाने के डर से बड़ी ही बेरहमी से उसे मौत के घाट उतार दिया। इस रूह कंपा देने वाली घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
हवस और हैवानियत का तांडव: दुपट्टे से घोंटा गला, फिर बांके से किया प्रहार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के ही रहने वाले 22 वर्षीय मुदस्सिर पुत्र मोहम्मद कमर ने अपने नाबालिग चचेरे भाई को अपनी हवस का शिकार बनाया। मासूम जब इस घिनौनी करतूत का विरोध करने लगा, तो आरोपी मुदस्सिर पर खून सवार हो गया। उसने पहचान उजागर होने के डर से पहले दुपट्टे से बच्चे का गला घोंटा और फिर पास रखे धारदार हथियार (बांके) से गर्दन पर प्रहार कर उसे मौत की नींद सुला दिया।
घर के भीतर छिपाया शव, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किया बरामद
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपी ने मासूम के लहूलुहान शव को अपने ही घर के अंदर छिपा दिया और मौके से फरार हो गया। काफी देर तक बच्चे के न मिलने पर जब परिजनों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी, तो जांच का सिलसिला शुरू हुआ। कस्बा इंचार्ज सुधाकर सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद अभियुक्त के घर से ही मासूम का शव बरामद हुआ।
आरोपी मुदस्सिर गिरफ्तार, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुदस्सिर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










