महाराष्ट्र के पुणे स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोनावला के लोहगढ़ किले (Lohagad Fort) में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद अब सोशल मीडिया पर मृतक केतन के कुछ पुराने वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को देखकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि केतन इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि वे जिस मंगेतर की जिंदगी में खुशियां भरने के लिए जमीन-आसमान एक कर रहे थे, वही लड़की अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर उनकी मौत की स्क्रिप्ट लिख रही थी।
कार का रूफटॉप, गुलाब के फूल और खुश होने का ‘ढोंग’
इंटरनेट पर वायरल हो रहे पहले वीडियो में केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के जन्मदिन को बेहद खास और यादगार बनाने के लिए एक खूबसूरत सरप्राइज देते नजर आ रहे हैं। केतन बड़े प्यार से सिया को अपनी आंखें खोलने के लिए कहते हैं और फिर उन्हें एक खूबसूरत फूल थमाते हैं। इसके बाद वे अपनी कार का रूफटॉप खोलते हैं, जिस पर ढेर सारे लाल गुलाब सजे होते हैं। कार के अंदर भी फूलों का शानदार सेटअप नजर आता है। इस बेहद रोमांटिक सरप्राइज को पाकर सिया भी वीडियो में खुश होने का ऐसा ‘ढोंग’ करती दिखाई दे रही है, जिसे देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सकता कि उसके दिमाग में कितना खौफनाक जहर पमप रहा था।
‘आंखों में तेरी’ गाने पर रोमांटिक डांस और पीठ पीछे कत्ल की साजिश
सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहे एक अन्य वीडियो में केतन अपनी मंगेतर सिया की आंखों पर पट्टी बांधकर उसे एक बेहद खूबसूरत लोकेशन पर ले जाते हैं। आंखें खुलते ही चारों तरफ एक जादुई और रोमांटिक माहौल नजर आता है। टेबल पर केक रखा है, बगल में एक गिटारिस्ट लाइव म्यूजिक बजा रहा है और बैकग्राउंड में बॉलीवुड का मशहूर रोमांटिक गाना ‘आंखों में तेरी अजब सी अजब सी अदाएं हैं’ गूंज रहा है। इस धुन पर केतन और सिया बेहद करीब आकर कपल डांस करते हैं। वीडियो गवाह है कि केतन किस तरह सिया की दुनिया को जन्नत बनाने का ख्वाब देख रहे थे, जबकि वह अंदर ही अंदर केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश को अंतिम रूप दे रही थी।
SP का बड़ा बयान: ‘केतन अनुभवी ट्रेकर थे, पैर फिसलने का हादसा मुमकिन ही नहीं था’
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश करते हुए पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी (SP) संदीप सिंह गिल ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एसपी ने बताया कि 18 जून 2026 को केतन और सिया की सगाई हुई थी, जिसके बाद वे लोहगढ़ किला घूमने गए थे। घटना के बाद सिया गोयल ने खुद पुलिस को फोन कर यह झूठी कहानी सुनाई कि केतन का पैर फिसल गया और वे किले से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
हालांकि, जब पुलिस ने केतन के रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ की, तो गहरा शक पैदा हुआ। एसपी गिल के मुताबिक, ऐसा हादसा अचानक हो जाना मुमकिन नहीं था, क्योंकि केतन एक बेहद अनुभवी ट्रेकर (Experienced Trekker) थे और वे ऐसी लापरवाही नहीं कर सकते थे। परिवार के इसी संदेह के आधार पर पुलिस ने औपचारिक शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी सबूतों ने खोला राज, प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर दिया धक्का
पुलिस की गहराई से की गई जांच, गुप्त सूत्रों, गवाहों के बयानों और सबसे अहम तकनीकी व कॉल डिटेल्स (Technical Evidence) के जरिए आखिरकार खौफनाक सच सामने आ ही गया। जांच में पता चला कि सिया गोयल का ‘चेतन चौधरी’ नाम का एक पुराना दोस्त था, जिससे उसका कथित प्रेम संबंध था। दोनों पिछले करीब एक साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे।
सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी, इसलिए उसने और चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान तैयार किया। साजिश के तहत वे केतन को लोहगढ़ किले के एक सुनसान और ऊंचे पॉइंट पर ले गए और वहां से उसे नीचे खाई में धक्का दे दिया। लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या (IPC 302/BNS) का मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।















